Home » राजस्थान » किडनैप लड़की का सुराग नहीं, आटा-साटा में हुई थी शादी:पिता ने कहा- आज गणित का पेपर; बेटी की जान को है खतरा

किडनैप लड़की का सुराग नहीं, आटा-साटा में हुई थी शादी:पिता ने कहा- आज गणित का पेपर; बेटी की जान को है खतरा

डीग के पहाड़ी थाना इलाके से कल शाम 4.30 बजे किडनैप हुई 10वीं छात्रा का अभी तक सुराग नहीं लगा है। पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली। लड़की सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा देकर स्कूल से निकली थी। रास्ते में ससुराल वालों ने बंदूक की नोक पर उसे किडनैप किया और बोलेरो कार में डालकर ले गए थे। लोगों ने बचाने की कोशिश की तो हवाई फायर भी किया था।

DSP गिर्राज मीणा ने बताया- लड़की की तलाश के लिए 3 टीमों का गठन किया गया। जगह-जगह दबिश दी जा रही है। नाबालिग छात्रा की शादी परिवार ने आटा-साटा प्रथा के तहत गोपालगढ़ (भरतपुर) की थी। ये तय हुआ था कि लड़की के ससुराल वाले लड़की के चाचा की शादी कराएंगे। चाचा की शादी नहीं कराने के कारण दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।

सोमवार शाम 4.30 बजे पहाड़ी थाना इलाके के सरकारी स्कूल से पेपर देकर निकली लड़की को किडनैप कर लिया गया था।
सोमवार शाम 4.30 बजे पहाड़ी थाना इलाके के सरकारी स्कूल से पेपर देकर निकली लड़की को किडनैप कर लिया गया था।

पिता बोले- मेरी बेटी की जान को खतरा

मंगलवार को लड़की के पिता ने कहा- मैंने नाबालिग बेटी की शादी की थी। गौना तब करूंगा जब उसकी उम्र हो जाएगी। लड़की पढ़ रही है। कल वो एग्जाम देने गई तो ससुराल वाले फारिंग कर बेटी को ले गए।पुलिस आरोपियों के घर ही नहीं जा रही है।

मेरी बेटी की जान को खतरा है। मुझे मेरी बेटी चाहिए। आज (मंगलवार) एक बजे मेरी बेटी का गणित का पेपर 1 बजे से था। उसका भविष्य खराब हो जाएगा। या तो पुलिस मेरी बेटी को लाए। या फिर आरोपियों को हाजिर करे।

PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने किया ट्वीट

आटा-साटा में की थी बेटी की शादी

पहाड़ी थाना इलाके के एक गांव में रहने वाले पिता ने सोमवार को अपहरण के बाद ससुराल वालों पर दहेज के लिए तंग करने का आरोप लगाया। आज कहा कि बेटी की शादी आटा-साटा में की थी। शादी के वक्त यह तय हुआ था कि उसके ससुराल वाले मेरे ममेरे भाई की शादी कराएंगे।

बेटी की शादी करने के बाद ससुराल वाले वादे से मुकर गए। इसके बाद मैं बेटी को घर ले आया। वह मेरे घर पर ही रह रही थी और पढ़ाई कर रही थी।

लड़की के पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर किडनैप करने का आरोप लगाया।
लड़की के पिता ने बेटी के ससुराल वालों पर किडनैप करने का आरोप लगाया।

आरोपियों के घर-रिश्तेदारों के यहां दी दबिश

DSP गिर्राज मीणा ने बताया- लड़की की तलाश में कल से अब तक टीमें आरोपियों के घर गोपालगढ़ में और रिश्तेदारों के घर तलाशी ली है, लेकिन लड़की का सुराग नहीं लगा।

जानकारी के अनुसार- दोनों पक्षों में विवाद के कारण लड़की पिता के घर रह रही थी। उधर, गोपालगढ़ में तीन दिन से पंचायत चल रही थी, लेकिन उसमें सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद लड़की के पति और देवर ने साथियों के साथ मिलकर लड़की को किडनैप कर लिया।

सोमवार को घटना का सीसीटीवी सामने आया था। जिसमें एक बोलेरो स्कूली बच्चों के पास आकर रुकती है। फिर दो बदमाश बच्ची को जबरन उठाकर गाड़ी में डालते हैं। नाबालिग के पिता ने पहाड़ी थाने में शिकायत दी है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS