राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टेंस एक्टिव होने के साथ ही बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को प्रदेश के उदयपुर में हुई बारिश के बाद विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इसकी वजह से जयपुर से उदयपुर गई फ्लाइट में मौजूद लगभग 70 पैसेंजर्स को लगभग डेढ़ घंटे तक लैंडिंग का इंतजार करना पड़ा।
इसके बाद भी जब मौसम साफ नहीं हुआ। तो फ्लाइट को फिर से जयपुर डाइवर्ट करना पड़ा। जयपुर उदयपुर फ्लाइट के साथ ही दिल्ली और मुंबई से उदयपुर जाने वाली की दो अन्य फ्लाइट को भी खराब मौसम की वजह से जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया। इसकी वजह से बड़ी संख्या में पैसेंजर्स को जयपुर एयरपोर्ट पर परेशान होना पड़ा।
दरअसल, जयपुर से इंडिगो की फ्लाइट 6E – 7465 सुबह 6:55 पर उदयपुर के लिए रवाना हुई थी। जिसे 7 बजकर 55 मिनट पर उदयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करना था। लेकिन उदयपुर में खराब मौसम की वजह से फ्लाइट लगभग डेढ़ घंटे तक लैंड नहीं हो पाई। इस दौरान फ्लाइट में मौजूद लगभग 70 पैसेंजर्स परेशान होते रहे।
इसके बाद पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट से संपर्क कर फ्लाइट को एक बार फिर जयपुर डाइवर्ट करने की अनुमति मांगी और लगभग 9 बजकर 30 मिनट पर फ्लाइट को फिर से जयपुर लैंड किया गया।
उदयपुर से इन 3 फ्लाइट को किया गया जयपुर डायवर्ट
- सुबह 8:05 बजे की मुम्बई से उदयपुर फ्लाइट 6E-5038।
- सुबह 8:15 बजे की दिल्ली से उदयपुर फ्लाइट 6E-2103।
- सुबह 7:55 बजे की जयपुर से उदयपुर फ्लाइट 6E-7465।
बता दें कि शुक्रवार को राजस्थान में बारिश और कोहरे के कारण के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बारिश के कारण जयपुर सहित 9 जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। शीतलहर से भी ठिठुरन बढ़ी है। मौसम विभाग ने 15 जिलों में ऑरेंज, जबकि 16 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, अगले तीन दिन घना कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है।





