बढ़ती ठंड को देखते हुए जयपुर-कोटा सहित 5 जिलों के स्कूलों में कक्षा एक से 8 तक की छुट्टी कर दी गई है। इससे आगे की कक्षाओं का समय बदला गया है। उधर, आज (गुरुवार) अजमेर, श्रीगंगानगर, बीकानेर, भीलवाड़ा समेत 21 जिलों में घना कोहरा छाया है। जयपुर सहित 6 जिलों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
18 जनवरी को फिर से जयपुर, कोटा संभाग के जिलों में बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। भरतपुर में देर रात शुरू हुई रिमझिम बारिश रुक-रुक कर गुरुवार सुबह तक जारी रही।

राजस्थान में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण जयपुर, अजमेर, भरतपुर संभाग के जिलों में बुधवार को हुई बारिश के बाद सर्दी तेज हो गई। जयपुर, धौलपुर, अलवर में दिन का अधिकतम तापमान 5 से लेकर 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। अजमेर, भीलवाड़ा समेत कुछ शहरों में कल अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।
कोटा-डीग में 18 जनवरी तक छुट्टी जयपुर में कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों की 16 जनवरी को छुट्टी घोषित की गई है। कक्षा 9 से 12 तक के स्टूडेंट्स के लिए स्कूल का समय सुबह 10 से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। कोटा जिले में सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में पहली से पांचवीं क्लास तक के बच्चों की 18 जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। कक्षा 6 से 12वीं तक की क्लास का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। कलेक्टर रविन्द्र गोस्वामी ने इसका आदेश जारी किया है। डीग जिले के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों में कलेक्टर उत्सव कौशल ने पहली से 8वीं क्लास तक के बच्चों की 16 से 18 जनवरी तक छुट्टी कर दी है।
चित्तौड़गढ़ में 17 जनवरी तक अवकाश चित्तौड़गढ़ जिले में बारिश और सर्दी के अलर्ट को देखते हुए कलेक्टर आलोक रंजन ने कक्षा एक से 8 तक के स्टूडेंट्स की 16 और 17 जनवरी की छुट्टी घोषित कर दी है। टोंक कलेक्टर डॉक्टर सौम्या झा ने ठंड और खराब मौसम को देखते हुए 16 जनवरी को कक्षा एक से आठवीं तक सरकारी, प्राइवेट स्कूलों और आंगनबाड़ी के बच्चों की छुट्टी घोषित की है।

बांदीकुई (दौसा) में बुधवार रात 8 बजे से गुरुवार सुबह 4 बजे तक तीन बार बारिश हुई। न्यूनतम तापमान 10°C तक दर्ज किया गया है। गुरुवार सुबह कोहरा नहीं होने से लोगों को थोड़ी राहत मिली।


सुबह तक रिमझिम बारिश का दौर जारी भरतपुर जिले में बुधवार देर रात से बारिश का दौर जारी है। गुरुवार सुबह भी रिमझिम बारिश होती रही। हल्की बूंदाबांदी हो रही है। बारिश होने से कोहरा हट गया है। नदबई, बयाना, रुदावल, रूपवास इलाके में बादल छाए हुए हैं। हल्की बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चल रही हैं।


कोहरे के कारण जयपुर-अजमेर हाईवे पर रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त किशनगढ़ (अजमेर) में गुरुवार सुबह घना कोहरा रहा। जयपुर-अजमेर हाईवे पर महादेव होटल कट के पास सुबह करीब 9:15 बजे जोधपुर से जयपुर के बीच चलने वाली रोडवेज बस (आरजे 36 पीए 3549) डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। नेशनल हाईवे की क्रेन मौके पर पहुंची और बस को डिवाइडर से नीचे उतारा।

सबसे ठंडा धौलपुर रहा पिछले 24 घंटे के दौरान अजमेर, भीलवाड़ा, अलवर, जयपुर, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, धौलपुर, बारां, हनुमानगढ़, सिरोही, करौली, माउंट आबू और दौसा जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा दिन कल (बुधवार) धौलपुर जिले में रहा। यहां दिन का अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


जयपुर में एक घंटे में 5.2 मिमी बारिश जयपुर में कल पूरे दिन आसमान में बादल छाए और दिन में कई जगह हल्की से तेज बारिश हुई। जयपुर में कल सुबह 8 से शाम 5 बजे तक 5.2MM बारिश दर्ज हुई। बारिश से पहले और बारिश के बाद हल्की सर्द हवाएं चलने से गलन और ठिठुरन बढ़ गई।



बादल और कोहरा छाने से दिन हुए ठंडे राजस्थान में कल जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग के अलावा कोटा संभाग के कुछ जिलों में बादल छाए रहे। बीकानेर, जोधपुर, उदयपुर संभाग के जिलों में कोहरा छाया रहा। इससे कल प्रदेश के सभी शहरों में दिन ठंडे रहे। जोधपुर में कल दिन का अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस, बाड़मेर में 24.6, बीकानेर में 21, जैसलमेर में 21.7, कोटा में 17.7, चूरू में 20.5, अजमेर में 16.9 और गंगानगर में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
माउंट से भी ज्यादा सीकर, पिलानी, हनुमानगढ़ में ठंडी रात राजस्थान में कल हिल स्टेशन माउंट आबू से भी ज्यादा ठंडा सीकर, पिलानी और हनुमानगढ़ जिला रहा। इन तीन शहरों का कल न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। सबसे ठंडा शहर कल हनुमानगढ़ रहा, जहां का न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सीकर में न्यूनतम तापमान 4.2 और पिलानी में 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। माउंट में कल न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।






