बिजयनगर को मिली बड़ी रेल सौगात, जयपुर–असारवा एक्सप्रेस के ठहराव पर शनिवार रात होगा स्वागत एवं आभार कार्यक्रम, उपस्थित रहेंगे केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री और स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी
न्यूज इन राजस्थान सुनील शर्मा
अजमेर।संसदीय क्षेत्र अजमेर के अंतर्गत बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर जयपुर–असारवा एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12981/12982) के ठहराव की स्वीकृति मिलने पर शनिवार रात्रि 11:15 बजे रेलवे स्टेशन, बिजयनगर पर स्वागत एवं आभार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर इस महत्वपूर्ण ट्रेन के ठहराव की मांग को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद भागीरथ चौधरी ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग से अवगत कराया था। इस मांग पर संज्ञान लेते हुए रेल मंत्री एवं रेल मंत्रालय ने ट्रेन संख्या 12981/12982 जयपुर–असारवा एक्सप्रेस के बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर नियमित ठहराव को स्वीकृति प्रदान कर दी।
केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति संसदीय क्षेत्र अजमेर के आमजन की ओर से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ बिजयनगर और आसपास के क्षेत्रों की रेल कनेक्टिविटी को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान ट्रेन के पहली बार बिजयनगर रेलवे स्टेशन पर ठहरने पर केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी रेलवे के लोको पायलट, गार्ड एवं अन्य रेलकर्मियों का अभिनंदन करेंगे। साथ ही ट्रेन से यात्रा कर रहे यात्रियों का स्वागत करते हुए क्षेत्रवासियों से संवाद करेंगे तथा इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति सार्वजनिक रूप से आभार व्यक्त करेंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने बिजयनगर एवं आसपास के क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक अवसर के सहभागी बनने का आग्रह किया है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.







