Home » राष्ट्रीय » चुनाव आयोग बोला- केजरीवाल यमुना में जहर का सबूत दें:केजरीवाल बोले- चुनाव आयुक्त राजनीति कर रहे, दिल्ली से चुनाव क्यों नहीं लड़ लेते

चुनाव आयोग बोला- केजरीवाल यमुना में जहर का सबूत दें:केजरीवाल बोले- चुनाव आयुक्त राजनीति कर रहे, दिल्ली से चुनाव क्यों नहीं लड़ लेते

दिल्ली विधानसभा चुनाव के बीच यमुना के पानी को लेकर अरविंद केजरीवाल और चुनाव आयोग के बीच गुरुवार को जमकर बयानबाजी हुई। चुनाव आयोग ने केजरीवाल काे चिट्‌ठी लिखी और 5 सवाल किए।

आयोग ने पूछा- यमुना के पानी में किस जगह जहर मिला, सबूत दें। अमोनिया के बढ़ते लेवल के मुद्दे को जहर आदि के आरोपों से मिलाए बिना 31 जनवरी सुबह 11 बजे तक जवाब दें, वर्ना कार्रवाई की जाएगी।

इस पर अरविंद केजरीवाल ने कहा- दिल्ली में खुलेआम पैसे और चादरें बांटी जा रही हैं। चुनाव आयोग इस पर कार्रवाई नहीं करता। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार राजनीति कर रहे हैं। यमुना के पानी की 3 बोतलें भेजेंगे। राजीव कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस में पानी पीकर दिखा दें।

केजरीवाल ने कहा- राजीव कुमार 18 फरवरी को रिटायर हो रहे हैं। उन्हें रिटायरमेंट के बाद नौकरी चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग का कबाड़ा कर दिया। उन्होंने जैसी भाषा आज लिखी है ये EC का काम नहीं है। उन्हें इतिहास माफ नहीं करेगा। यदि राजीव कुमार को राजनीति करनी है तो वे दिल्ली की किसी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ लें।

27 जनवरीः केजरीवाल ने यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया- अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया था। केजरीवाल ने कहा- दिल्ली के लोगों को पीने के लिए पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश से मिलता है। भाजपा की हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला कर दिया है।

28 जनवरीः चुनाव आयोग ने केजरीवाल से सबूत पेश करने को कहा- EC ने केजरीवाल से उनके यमुना के पानी में जहर वाले दावे पर बुधवार यानी 29 जनवरी रात 8 बजे तक सबूत मांगे। भाजपा की तरफ से केजरीवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने के बाद चुनाव आयोग ने कहा था- केजरीवाल ने भाजपा की हरियाणा सरकार पर बहुत गंभीर आरोप लगाया, जिससे राज्यों के बीच नफरत पनप सकती है।

29 जनवरीः मोदी बोले- यमुना का पानी प्रधानमंत्री भी पीता है– दिल्ली में रैली के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि हरियाणा का भेजा यही पानी दिल्ली में हमारे सारे जज, जस्टिस, सम्मानित सदस्य पीते हैं। आपका प्रधानमंत्री भी यही पानी पीता है। क्या कोई सोच सकता है कि मोदी को जहर देने के लिए हरियाणा ने जहर दिया होगा।

29 जनवरीः हरियाणा CM ने यमुना से पानी पीकर दिखाया- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने राज्य के बॉर्डर पर पहुंचकर यमुना नदी से पानी पीकर दिखाया। उन्होंने X पर वीडियो शेयर कर कहा कि मैंने बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया। हालांकि इसका जवाब देते हुए केजरीवाल ने कहा कि सैनी ने पानी पिया नहीं, थूक दिया।

29 जनवरीः केजरीवाल ने चुनाव आयोग को जवाब दिया- केजरीवाल ने चुनाव आयोग को बताया कि हरियाणा से दिल्ली आ रहा पानी इंसानी स्वास्थ्य के लिए बेहद जहरीला है। 14 पेज के जवाब में केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने वह बयान दिल्ली में पानी की क्वालिटी के कारण लोगों की सेहत को हो रहे नुकसान के संबंध में दिया था।

दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को रिजल्ट

दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

सहकारी समितियों को व्यवसाय में वृद्धि कर आय बढ़ाने की आवश्यकता:प्रशासक,राजफेड

राजफेड की 69वीं वार्षिक साधारण सभा आयोजित किसानों की खुशहाली से ही देश की समृद्धि संभव न्यूज इन राजस्थान सुनील