मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने फोन टैपिंग के बयान को लेकर मिले अनुशासनहीनता के नोटिस का जवाब दे दिया है। सूत्रों के अनुसार बुधवार को ई-मेल के जरिए भेजे जवाब में कैबिनेट मंत्री ने लिखा है कि- मेरा फोन टैप हो रहा है। इसका इनपुट मुझे मिला था।
किरोड़ीलाल ने नोटिस और जवाब को लेकर कहा है कि कार्रवाई का अधिकार भाजपा प्रदेशाध्यक्ष का है। क्या कार्रवाई होगी ये मंत्री झाबर सिंह खर्रा या मुख्यमंत्री नहीं बता सकते।
उन्होंने जवाब भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह को भी भेजी है।
किरोड़ी के आरोपों के बाद से विपक्ष सरकार पर हमलावर है। इस मुद्दे पर विधानसभा में मुख्यमंत्री के जवाब की मांग को लेकर विपक्ष ने हंगामा भी किया था।
किरोड़ीलाल का हाईकमान को जवाब-
मेरा फोन टैप हो रहा है। इसका इनपुट मुझे मिला था। मैंने मीडिया में किसी से भी यह बात नहीं कही। मैंने सामाजिक कार्यक्रम में अपनी बात रखी थी। जिसे किसी ने वायरल कर दिया। मैने हमेशा पार्टी के लिए काम किया है। मैं पार्टी का अनुशासित सिपाही हूं।

अब जानिए– जयपुर के आमागढ़ मंदिर में किरोड़ीलाल ने क्या कहा था-
मैंने भ्रष्टाचार के कुछ मामले बीच में उठाए थे, 50 फर्जी थानेदारों को गिरफ्तार किया गया। मैंने जब कहा कि ये परीक्षा रद्द करो, तो सरकार ने मेरी बात नहीं मानी। उल्टा सरकार की तरफ से जैसा पिछले राज में हुआ करता था, वैसा ही हो रहा है। चप्पे-चप्पे पर मेरे लिए सीआईडी लगाई जा रही है, मेरा टेलीफोन भी रिकॉर्ड किया जा रहा है। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।


किरोड़ीलाल बोले- मेरी कोई नाराजगी नहीं
पार्टी से मिले नोटिस और उसके जवाब को लेकर किरोड़ीलाल ने पहली बार जयपुर में बात की। उन्होंने कहा कि- मैंने क्या जवाब दिया यह मैं बताऊंगा नहीं। मेरी कोई नाराजगी नहीं है, अगर को नाराजगी होती तो मैं मुस्कुराता नहीं है।
अनुशासनहीनता पर कार्रवाई को लेकर बोले- यह प्रदेश अध्यक्ष का अधिकार है। अगर वो जवाब से संतुष्ट नहीं होते है तो वो ही कार्रवाई के बारे में बता सकते हैं। कार्रवाई के बारे में मंत्री झाबर सिंह खर्रा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी नहीं बता सकते हैं।
आज जवाब देने का था आखिरी दिन
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने सोमवार (10 फरवरी) को कैबिनेट मंत्री किरोड़ीलाल मीणा को अनुशासनहीनता का नोटिस भेजा था। पार्टी ने किरोड़ी के फोन टैपिंग के बयान को अनुशासनहीनता माना था।
किरोड़ी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया है। इससे पहले ही आज मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने अपना जवाब पार्टी प्रदेशाध्यक्ष को भेज दिया है।
किरोड़ी के आरोपों पर सदन में हुआ था जमकर हंगामा
दरअसल, किरोड़ीलाल के बयानों के कारण कांग्रेस ने विधानसभा में सरकार को जमकर घेरा था। इसके बाद पार्टी हाईकमान एक्टिव हुआ। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मदन राठौड़ से इस बारे में चर्चा की थी, इसके बाद उन्हें नोटिस भेजा गया।
नोटिस में कहा गया था कि सार्वजनिक रूप से बयान देकर भाजपा नीत सरकार पर फोन टैप कराने का आरोप लगाया, जो असत्य है। आपने बयान देकर भाजपा की बहुमत वाली सरकार की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का काम किया है।
किरोड़ी के फोन टैपिंग के आरोपी के बाद विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ था। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से इस्तीफा की मांग भी की थी। नेता प्रतिपक्ष ने विरोध के चलते राज्यपाल के अभिभाषण पर भाषण तक नहीं दिया था।






