यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया ने अब सुप्रीम कोर्ट में अपील की है। अलाहबादिया के अश्लील कमेंट को लेकर देशभर में कई FIR दर्ज हुई थीं, यूट्यूबर ने इसके खिलाफ ही शीर्ष कोर्ट में शुक्रवार को याचिका दायर की।
अलाहबादिया की तरफ से वकील अभिनव चंद्रचूड़ पैरवी करेंगे। याचिका को एक-दो दिन में लिस्टेड किया जाएगा। चीफ जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस संजय कुमार की बेंच इसकी सुनवाई करेगी।
चंद्रचूड़ ने अपने मुवक्किल की याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की थी, क्योंकि असम पुलिस ने उन्हें शुक्रवार को समन भेजा। पूरा मामला यूट्यूब के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अश्लील कमेंट से जुड़ा है।
वहीं, गुरुवार को स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना मुंबई पुलिस के बाद असम पुलिस ने भी समन भेजा। असम क्राइम ब्रांच के दो अधिकारी पुणे के बालेवाड़ी में समय रैना के घर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि हम गुवाहाटी में उनके (समय रैना) खिलाफ दर्ज FIR के संबंध में उन्हें कानूनी नोटिस देने आए हैं। इससे पहले असम पुलिस ने रणवीर अलाहबादिया और आशीष चंचलानी को भी नोटिस भेजा था।

असम CM बोले- गुवाहाटी में FIR कराई
असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा ने भी इस मामले को लेकर राज्य में FIR की जानकारी दी थी। उन्होंने X पोस्ट में बताया था कि गुवाहाटी पुलिस ने आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह, अपूर्वा मखीजा, रणवीर अलाहबादिया, समय रैना और अन्य के खिलाफ ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप में FIR दर्ज की है।
महाराष्ट्र साइबर सेल ने समय को भेजा था समन
गुरुवार (13 फरवरी) को महाराष्ट्र साइबर सेल ने यूट्यूबर समय रैना को दूसरी बार समन भेजा था। साइबर सेल ने समय को सोमवार, 17 फरवरी को जांच अधिकारी के सामने पेश होने के लिए कहा है।
बुधवार (12 फरवरी) को समय रैना के वकील ने साइबर सेल को बताया था कि वे इस वक्त अमेरिका में हैं और 17 मार्च को लौटेंगे। साथ ही उन्होंने समन का जवाब देने के लिए ज्यादा समय की मांग की है।
इससे पहले बुधवार को ही समय रैना ने अपने शो इंडियाज गॉट लेटेंट को लेकर चल रहे विवाद में सफाई दी थी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर दावा किया था कि उन्होंने अपने शो के सारे वीडियोज यूट्यूब से हटा दिए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना था।
समय रैना ने लिखा,
जो भी हो रहा है, उसे मैं संभाल नहीं पा रहा हूं। मैंने इंडियाज गॉट लेटेंट के सारे वीडियोज अपने चैनल से रिमूव कर दिए हैं। मेरा मकसद सिर्फ लोगों को हंसाना और खुशी देना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरी तरह को-ऑपरेट करूंगा ताकि उनकी जांच सही तरीके से हो सके। थैंक यू।


इसी बीच, शो के प्रोड्यूसर और एक्टर रघुराम महाराष्ट्र साइबर सेल के ऑफिस पहुंचे। रघु इंडियाज गॉट लेटेंट शो के जज पैनल में शामिल हैं। पुलिस ने शो के जज पैनल से कई लोगों को उनका बयान दर्ज करने के लिए समन भेजा था।

रैना ने पोस्ट डिलीट नहीं, हाइड किए

समय और रणवीर के खिलाफ मुंबई में दूसरी FIR
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में पेरेंट्स पर भद्दे कमेंट्स के मामले में यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया और समय रैना के खिलाफ मुंबई में अब तक दो FIR दर्ज हुईं। यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस की साइबर ब्रांच ने की है। रणवीर और समय के अलावा इस शो के उन 30 गेस्ट के खिलाफ भी केस दर्ज हुआ है, जिन्होंने पहले एपिसोड से अब तक के शो में हिस्सा लिया था।
वहीं, ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो पर बैन के लिए गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। एसोसिएशन का कहना है कि इस तरह के शो देश के युवाओं को भ्रमित कर रहे हैं। महिला आयोग ने भी अलाहबादिया, समय रैना और अन्य को समन भेजा। सभी को 17 फरवरी को एनसीडब्ल्यू कार्यालय बुलाया गया है। इंदौर में भी रणवीर अलाहबादिया के खिलाफ शिकायत की गई है।
इस बीच, मुंबई के वर्सोवा में मंगलवार सुबह यूट्यूबर रणवीर अलाहबादिया के घर 5 पुलिस अफसरों की टीम पहुंची। मुंबई पुलिस ने 10 फरवरी को शो के होस्ट समय रैना, रणवीर अलाहबादिया और अपूर्वा मखीजा समेत शो के आयोजकों पर केस दर्ज किया था।
नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) की मांग पर यूट्यूब ने ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के विवादित एपिसोड को हटा लिया है।
पार्लियामेंट की IT कमेटी नोटिस भेज सकती है
समय रैना के यूट्यूब शो इंडियाज गॉट लेटेंट में पेरेंट्स पर भद्दे कमेंट करने का मामला संसद तक पहुंचा था। शिवसेना (UBT) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने संसद की IT समिति से शिकायत करके एक्शन लेने और गाइडलाइन जारी करने की मांग की थी।
प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि कॉमेडी के नाम पर अपशब्दों का इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। अलाहबादिया के प्लेटफॉर्म पर बड़े राजनेता तक आए हैं, पीएम ने उन्हें अवॉर्ड दिया है। एक जिम्मेदार व्यक्ति से यह उम्मीद नहीं की जाती।
सोर्सेज के मुताबिक, पार्लियामेंट की आईटी कमेटी इस मामले में रणवीर अलाहबादिया को नोटिस भेजने पर विचार कर रही है। प्रियंका चतुर्वेदी इस समिति की सदस्य हैं। जानकारी के मुताबिक, कई और सांसदों ने इसके खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है। ठाणे से शिवसेना सांसद नरेश गणपत म्हस्के ने संसद में इस मुद्दे को उठाया और ऐसे कंटेंट की रोकथाम के लिए कानून बनाने की मांग की है।

8 फरवरी को रिलीज हुआ था एपिसोड ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना का शो है, जिस पर विवाद हो रहा है। यह एपिसोड 8 फरवरी को यूट्यूब पर रिलीज किया गया था। इस शो में बोल्ड कॉमेडी कंटेंट होता है। इस शो के दुनियाभर में 73 लाख से ज्यादा सब्सक्राइबर हैं। इस शो में पेरेंट्स और महिलाओं को लेकर ऐसी बातें कही गईं, जिनका जिक्र दैनिक भास्कर यहां नहीं कर सकता है।
समय रैना के इस शो के हर एपिसोड को यूट्यूब पर औसतन 20 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिलते हैं। समय को छोड़कर इस शो के हर एपिसोड में जज बदलते रहते हैं। हर एपिसोड में नए कंटेस्टेंट को परफॉर्म करने का मौका मिलता है। कंटेस्टेंट को अपना टैलेंट दिखाने के लिए 90 सेकेंड दिया जाता है।






