समरावता में हुई हिंसा और ग्रामीणों पर पुलिस बर्बरता के मामले में सियासत फिर गर्माने लगी है। जेल में बंद नरेश मीणा के समर्थक और समरावता के ग्रामीण पुलिस बर्बरता के खिलाफ विधानसभा घेराव करने वाले हैं। घेराव के फोटो बैनर में कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा के फोटो भी लग रहे हैं। डॉ किरोड़ी ने समरावता मामले में खुद के फोटो इस्तेमाल नहीं करने को कहा है।
डॉ किरोड़ी ने एक्स पर लिखा- मैं जनता के सहयोग के लिए 3 बार समरावता गया। जेल में आंदोलनकारियों से भी मिला। अब आंदोलनकारी विधानसभा का घेराव करने वाले हैं। कृपया इससे जुड़े बैनर-पोस्टरों में मेरे फोटो व पुराने वीडियो आदि का उपयोग नहीं करें। मैं सरकार का हिस्सा हूं। इससे मुझे समस्या खड़ी हो सकती है।

किरोड़ी ने फोन टैपिंग आरोपों पर हाल ही में नोटिस का जवाब दिया है
कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा ने पिछले दिनों खुद का फोन टैप होने और जासूसी करने के आरोप लगाए थे। जयपुर के पास एक सामाजिक कार्यक्रम में किरोड़ी के फोन टैपिंग के आरोप लगाने के बाद से सियासी विवाद बरकरार है। इस आरोप के बाद कांग्रेस ने विधानसभा में जमकर हंगामा किया था। कांग्रेस के हंगामे के बीच ही मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अभिभाषण पर जवाब दिया था। इस विवाद के बाद बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने डॉ किरोड़ी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। किरोड़ी ने नोटिस का जवाब देते हुए फोन टैपिंग के आरोपों पर भी अपना पक्ष रखा था।
नोटिस का जवाब देने के बाद किरोड़ी के तेवर कुछ नरम पार्टी को नोटिस का जवाब देने के बाद से किरोड़ी के तेवर कुछ नरम हुए हैं। नोटिस का जवाब देने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की थी लेकिन उसके बाद उनका कोई बयान नहीं आया है।

समरावता मामले में किरोड़ी के स्टैंड के सियासी मायने
समरावता हिंसा के मामले में किरोड़ीलाल मीणा से ग्रामीण कई बार जयपुर आकर मिले थे। किरोड़ी खुद भी हिंसा प्रभावित गांव में जाकर ग्रामीणों से मिले थे। जेल में नरेश मीणा से भी मुलाकात की थी। अब समरावता के ग्रामीण और नरेश मीणा समर्थक विधानसभा घेराव की चेतावनी दे रहे हैं। मंत्री रहते हुए किरोड़ी के फोटो आंदोलन में समर्थक के तौर पर इस्तेमाल होने से सियासी तौर पर बीजेपी और सरकार के लिए असहज स्थिति होती।
किरोड़ी खुद भी नहीं चाहते कि नोटिस के जवाब के बाद उन पर अपनी ही सरकार के खिलाफ आंदोलन करने वालों के समर्थक का ठप्पा लगे। इसलिए उन्होंने बैनर पोस्टरों से खुद का फोटो हटाने का आग्रह सार्वजनिक रूप से किया है।





