कोटपूतली के भाबरू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। जवान पूरा गांव के निवासी सुभाष मेहरा की निम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक करीब एक माह पहले सड़क निर्माण कार्य में पट्टी बनाने वाले ठेकेदार के यहां काम करता था।
घटना के अनुसार, ठेकेदार ने सुभाष पर चोरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ मारपीट की थी। इस घटना के बाद से युवक की स्थिति गंभीर हो गई थी। परिजनों ने भाबरू थाने में मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज करवाया था, लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सुभाष की मौत के बाद, परिजनों ने पहले निम्स अस्पताल में विरोध प्रदर्शन किया। आज सुबह पूर्व विधायक इंद्राज गुर्जर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों और परिजनों ने विराटनगर थाने के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी आरोपी ठेकेदार की गिरफ्तारी और मृतक के परिवार को मुआवजे की मांग कर रहे हैं।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इनकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और मुआवजा नहीं मिलता, तब तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। विराटनगर थाना पुलिस मामले को सुलझाने के लिए प्रयासरत है।






