हरियाणा के रोहतक में कांग्रेस की युवा नेता हिमानी नरवाल के मर्डर केस में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बीती रात दिल्ली से 2 लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लिया था। उनसे पूछताछ के बाद एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।
आरोपी का नाम सचिन है। वह बहादुरगढ़ के पास एक गांव का रहने वाला है। हालांकि, इस बारे में पुलिस का अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इससे पहले रविवार को हिमानी की मां सविता ने दावा किया था कि हिमानी ने उसे बताया था कि वह 28 फरवरी को कांठवाड़ी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रोग्राम में शामिल होने के लिए जा रही हूं। इसके बाद उसका फोन स्विच्ड ऑफ आया।
मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटने की आशंका यह भी पता चला है कि सचिन ने हिमानी की हत्या मोबाइल चार्जर की केबल से गला घोंटकर की है। आरोपी मोबाइल एसेसरीज की दुकान भी चलाता है। दोनों के बीच क्या बात हुई थी पुलिस इस एंगल को लेकर जांच आगे बढ़ा रही है।

सोशल मीडिया पर मिले, एक साल से एक-दूसरे को जानते थे सचिन और हिमानी सूत्रों का कहना है कि बहादुरगढ़ के सचिन और हिमानी की एक साल पहले सोशल मीडिया पर मुलाकात हुई थी। हिमानी और सचिन एक-दूसरे को करीब एक साल से जानते थे। सचिन का हिमानी के घर पर आना-जाना भी था।
हुड्डा के प्रोग्राम में शामिल होने का कहकर गई…इसके बाद हो गई लापता इससे पहले रविवार को हिमानी की मां सविता ने दावा किया था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रोग्राम में हिमानी को शामिल होना था। इसके बाद बेटी लापता हो गई और 1 मार्च को उसका शव सांपला के पास सूटकेस में मिला।
इन आरोपों के बाद हिमानी नरवाल की मां की अनुमति मिलने पर पुलिस ने रविवार शाम शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन परिवार ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को रोहतक PGI की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। उधर, पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में उनका कोई कार्यक्रम ही नहीं था।
विनेश फोगाट ने किया पोस्ट, बहन हिमानी को जल्द न्याय मिलेगा जुलाना से कांग्रेस MLA विनेश फोगाट ने हिमानी नहरवाल की हत्या को लेकर अपने एक्स हैंडल पर लिखा…बहन हिमानी की हत्या ने हमें झकझोर कर रख दिया है। ईश्वर से यही प्रार्थना है कि परिवार को इस अपार दुःख में शक्ति मिले। इस निंदनीय कृत्य के दोषी के खिलाफ तुरंत और कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।महिलाओं को हमेशा हिंसा का शिकार बनाया जाता है और यह सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है ।क्या इस समाज में ऐसे ही महिलाओं के खिलाफ अन्याय जारी रहेगा? महिलाओं की सुरक्षा किसी भी सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, परंतु यह सरकार बार-बार जुर्म रोकने में असक्षम साबित हो रही है । उम्मीद है कि बहन को जल्दी ही न्याय मिलेगा।
शनिवार को मिला था हिमानी का शव, रविवार दिनभर मचा बवाल शनिवार (1 मार्च) को विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का शव सांपला बस स्टैंड के निकट फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया था।
बेटी के मर्डर की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर उसकी मां सविता पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचीं। यहां उसने हत्यारों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इसके अलावा आरोप लगाया था कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने कम उम्र में उसकी बढ़ती लोकप्रियता से जलकर हिमानी की हत्या की है।

हिमानी की मां सविता ने कहीं ये 4 बड़ी बातें…
1. राजनीति छोड़कर नौकरी करना चाहती थी हिमानी हिमानी की मां सविता ने मीडिया से कहा था, “राहुल गांधी के साथ जम्मू-कश्मीर तक हमारी बेटी पैदल चली, लेकिन अब कोई हमारा साथ नहीं दे रहा है। मेरे बड़े बेटे की 2011 में हत्या कर दी गई और हमें कभी न्याय नहीं मिला। इसलिए, मैं दूसरे बेटे की जान बचाने के लिए BSF कैंप ले गई।
विधानसभा चुनाव के बाद, हिमानी पार्टी से थोड़ा निराश हो गई थी। बताया था कि उसे नौकरी चाहिए और वह पार्टी के लिए ज्यादा काम नहीं करना चाहती। वह पिछले 10 सालों से कांग्रेस से जुड़ी हुई थी। वह शादी करने के लिए भी राजी हो गई थी।”
2. 27 फरवरी तक बेटी के साथ थी मां सविता ने बताया कि वह हिमानी के साथ 27 फरवरी की शाम 4 बजे तक थीं। इसके बाद वह दिल्ली चली गईं। वह करीब साढ़े 9 बजे दिल्ली पहुंची थी। 27 की रात तक भी हिमानी से उनकी बात हुई थी। 28 को बात नहीं हुई। फोन लगाया तो फोन बंद आ रहा था।
3. 28 को हुड्डा के रोड शो में जाना चाहती थी हिमानी हिमानी के 28 फरवरी को शादी में जाने की बात पर मां सविता ने बताया था- इस बारे में हिमानी ने मुझे नहीं बताया। 28 को काठमंडी में रोड शो था। यहां हुड्डा साहब आने वाले थे। उसे उसमें जाना था। यह बात हिमानी ने फोन पर बताई थी। साथ ही कहा था कि कल बिजी रहूंगी, फोन न आए तो परेशान मत होना।
4. बेटी को राजनीतिक दलदल में फंसाना चाहते थे कुछ लोग सविता ने आगे कहा, “मेरी बेटी साफ सुथरी राजनीति करना चाहती थी, लेकिन कुछ लोग उसे राजनीति के दलदल में फंसाना चाहते थे। वह उन्हें जवाब देते हुए कहती थी कि मैं कमाती हूं, खर्च करती हूं, किसी के आगे कभी हाथ नहीं फैलाया। किसी के दबाव में नहीं रहूंगी।
परेशानी होती थी तो वह मुझे बता दिया करती थी। कांग्रेस सरकार के जो बड़े हैं, वे बहसबाजी कर लिया करते थे। कहती थी मैं कभी कॉम्प्रोमाइज नहीं करुंगी। जो गलत है तो गलत है, जो सही है तो उसे सही ही कहूंगी।”

हिमानी की मां ने पूर्व CM से की बात रविवार को रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा, बरोदा विधायक इंदुराज नरवाल और महिला कांग्रेस की स्टेट वाइस प्रेजिडेंट डॉ. निर्मला चौधरी ने विजयनगर में उनके मकान पर सविता से मुलाकात कर कानूनी कार्रवाई कराने के लिए मनाया। पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्डा से भी फोन पर उनकी बात कराई थी।
पूर्व सीएम ने कहा था कि बेटी हिमानी नरवाल को इंसाफ दिलाने के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी। कैंडल मार्च करेंगे। महिला मोर्चा भी आपके साथ है। इसके बाद सविता ने बेटी के शव का पोस्टमॉर्टम कराने की अनुमति दी थी।






