जयपुर। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में आज नगर निकाय चुनाव प्रबंधन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई।बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार एवं राष्ट्रीय मंत्री तथा नगर निकाय चुनाव सह-प्रभारी रोहन गुप्ता के मार्गदर्शन में आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।बैठक में मंत्री जोगाराम पटेल,प्रदेश महामंत्री श्रवण बगड़ी सहित चुनाव प्रबंधन समिति के सदस्य, मोर्चों के प्रभारी, संभाग प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही अब तक किए गए कार्यों की प्रगति का फीडबैक लेते हुए आगामी कार्ययोजना को और गति देने के निर्देश दिए गए।प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार ने कहा कि नगर निकाय चुनाव को पार्टी पूरी गंभीरता और मजबूती के साथ लड़ रही है। चुनावी तैयारियों को केवल प्रदेश या जिला स्तर तक सीमित न रखते हुए वार्ड और बूथ स्तर तक संगठनात्मक तंत्र को सक्रिय एवं प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने वार्ड स्तर तक प्रभारियों की नियुक्ति, बूथ स्तर तक निरंतर मॉनिटरिंग तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।उन्होंने कहा कि चुनावी रणनीति को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर पर स्पष्ट जिम्मेदारी, नियमित फीडबैक और परिणाम आधारित मॉनिटरिंग आवश्यक है। कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और संगठन की सामूहिक शक्ति के बल पर भाजपा नगर निकाय चुनाव में जीत हासिल करेगी।राष्ट्रीय मंत्री एवं नगर निकाय चुनाव सह-प्रभारी रोहन गुप्ता ने चुनावी तैयारियों को लेकर विभिन्न स्तरों से प्राप्त फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की।उन्होंने प्रचार-प्रसार सामग्री की प्रभावशीलता, चुनावी अभियान की रणनीति, मैनिफेस्टो के लिए सुझाव,जनसंपर्क एवं प्रवास कार्यक्रमों तथा मीडिया और विभिन्न संचार माध्यमों के प्रभावी उपयोग को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।बैठक में यह भी तय किया गया कि केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को निचले स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाए,ताकि प्रत्येक वार्ड और बूथ के मतदाता तक सरकार के विकास कार्यों की जानकारी पहुंचे। इसके लिए जनसंपर्क,प्रवास,मीडिया एवं संगठनात्मक अभियानों को आपस में समन्वित करते हुए गति देने पर जोर दिया गया।बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से उनके अपने दायित्वों की प्रगति का फीडबैक लिया गया तथा जहां कार्यों में गति बढ़ाने की आवश्यकता है, वहां समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए गए।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.





