जयपुर। महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में मादक पदार्थ तस्करों और साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को श्रीगंगानगर जिला पुलिस ने दो महत्वपूर्ण कार्रवाइयों को अंजाम दिया। पहली कार्रवाई में पुलिस थाना रावला, सीआईडी (आईबी) और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने 505 ग्राम अवैध हेरोइन तथा 471 ग्राम अफीम बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना साइबर श्रीगंगानगर ने करीब 17 लाख 71 हजार 480 रुपये के साइबर फ्रॉड के मामले में सिटी यूनियन बैंक के सहायक मैनेजर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए मादक पदार्थ मंगाने का खुलासा
जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि श्रीगंगानगर जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में ऑपरेशन सीमा संकल्प चलाया जा रहा है। इसके तहत मादक पदार्थों, मेडिकेटेड नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
24 अगस्त को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रायसिंहनगर नीलम चौधरी एवं वृत्ताधिकारी अनूपगढ़ जयप्रकाश बेनीवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी रावला बलवन्त कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सीआईडी (आईबी) की सूचना पर बीएसएफ टीम के साथ संयुक्त सर्च अभियान चलाया।चक 02 केएम से 08 एसकेएम जाने वाले कच्चे मार्ग,रोही चक 8 एसकेएम में दो संदिग्धों को पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान आजाद खान (28), निवासी चक 08 एसकेएम और राजकुमार (24), निवासी चक 08 एसकेएम के कब्जे से 505 ग्राम हेरोइन और 471 ग्राम अफीम बरामद हुई। दोनों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने उक्त मादक पदार्थ ड्रोन के जरिए पाकिस्तान से मंगवाना बताया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
17.71 लाख के साइबर फ्रॉड में बैंक अधिकारी की भूमिका उजागर
दूसरी कार्रवाई में पुलिस थाना साइबर श्रीगंगानगर ने करीब 17 लाख 71 हजार 480 रुपये के साइबर फ्रॉड के मामले में सिटी यूनियन बैंक के सहायक मैनेजर शुभम फरक्या तथा सुभान्शु ठाकरिया को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार घड़साना निवासी परिवादी मुकेश कुमार ने रिपोर्ट दी थी कि सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आई एक महिला ने उसे क्रिप्टोकरेंसी ट्रेडिंग का झांसा देकर TRUSTMYCOIN.COM लिंक के जरिए निवेश के नाम पर करीब 17.71 लाख रुपये की ठगी की।
तकनीकी अनुसंधान के दौरान पुलिस को पता चला कि सिटी यूनियन बैंक के सहायक मैनेजर शुभम फरक्या ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति के नाम का कूटरचित वोटर कार्ड तैयार कर बैंक शाखा अजमेर में फर्जी बचत खाता खोला था। खाते में नेट बैंकिंग के लिए दूसरे व्यक्ति का मोबाइल नंबर लिंक किया गया और खाता खोलने के दस्तावेजों पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए।
जांच में सामने आया कि उक्त बैंक खाता आगे 12 हजार रुपये में बेचा गया। बाद में इसी खाते में साइबर फ्रॉड से 1.65 लाख रुपये मंगवाए गए, जिसमें से एक लाख रुपये एटीएम से नकद निकाल लिए गए और शेष रकम यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर की गई।
पुलिस ने 24 अगस्त को सहायक मैनेजर शुभम फरक्या निवासी मंदसौर, मध्यप्रदेश तथा सुभान्शु ठाकरिया निवासी किशनगढ़, अजमेर को गिरफ्तार किया। दोनों से साइबर फ्रॉड नेटवर्क, फर्जी बैंक खातों और अन्य आरोपियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।
Author: newsinrajasthan
NEWS IN RAJASTHAN is a Hindi News channel. The most honest and growing news channel that covers latest trending news,Hindi news Bulletin in depth coverage of news stories, Indian film industry,latest Bollywood updates.We primarily focus on ground level reporting and serious news.NEWS IN RAJASTHAN has Dedicated specialized programs that covers politics,Business,corporate shows,Education and sports etc.




