दिल्ली-अजमेर हाईवे पर चलते LPG गैस टैंकर में मंगलवार तड़के आग लगने से दहशत फैल गई। समय रहते ड्राइवर-खलासी ने बाहर कूद कर अपनी जान बचाई। मुरलीपुरा थाना पुलिस ने फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया। आग से टैंकर का केबिन जलकर कबाड़ में बदल गया। पुलिस प्रथमदृष्टया जांच में आग शॉर्ट सर्किट से लगना माना जा रहा है।
SHO (मुरलीपुरा) वीरेंद्र कुरील ने बताया- हादसा तड़के करीब 3:45 बजे अजमेर-दिल्ली हाईवे पर दादी का फाटक पुलिया के पास हुआ। अजमेर की ओर से LPG से भरा एक टैंकर दिल्ली की ओर जा रहा था। दादी का फाटक पुलिया के पास हाईवे पर चलते टैंकर के केबिन में आग लग गई। चलते टैंकर के केबिन में लगी आग से राहगीरों में दहशत फैल गई।
हाईवे किनारे टैंकर रोक तुरंत ड्राइवर-खलासी ने बाहर की ओर कूदकर अपनी जान बचाई। आग लगने की सूचना पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एहतियात के तौर पर हाईवे पर दोनों तरफ का ट्रैफिक रुकवाया। फायर बिग्रेड की एक गाड़ी की मदद से करीब 10 मिनट की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से टैंकर का केबिन पूरी तरह से जलकर कबाड़ में बदल गया। पुलिस का कहना है कि केबिन में लगी आग वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से लगी है।





