विधानसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली को बिजली से जुड़ा पूरक सवाल पूछने की अनुमति नहीं मिली। इस पर कांग्रेस ने हंगामा किया। कांग्रेस विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी की। इसके बाद सदन से वॉकआउट किया।
स्पीकर ने तर्क दिया कि नेता प्रतिपक्ष को 2 पूरक सवाल पूछने की मंजूरी दी जा चुकी है। अब इससे ज्यादा नहीं होगा। जूली ने कहा- यह विपक्ष का अधिकार है। कुछ देर स्पीकर और जूली के बीच तकरार हुई।
कांग्रेस विधायकों के हंगामे पर नाराजगी जताते हुए स्पीकर ने कहा- मैं जितना कॉपरेट कर रहा हूं, आप उतना सिर पर चढ़ रहे हो। इस तरह करोगे तो सहयोग की उम्मीद मत करना। मुझे कठोर कार्रवाई के लिए मजबूर मत करो।

आज 3 बिल होंगे पास विधानसभा के बजट सत्र का आज आखिरी दिन है। सोमवार को बहस के बाद तीन अहम बिल पास होंगे। प्रदेश में 45 गैर जरूरी हो चुके पुराने कानूनों को खत्म करने वाला बिल पास होगा। कोचिंग स्टूडेंट्स की आत्महत्याएं रोकने और कोचिंग सेंटर्स पर कंट्रोल के लिए प्रावधानों वाला बिल बहस के बाद पारित करवाया जाएगा। तीसरा बिल शहरी विकास प्राधिकरणों के नियमों में बदलाव से जुड़ा है।






