हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को रविवार रात जयपुर में पुलिस ने गाना गाने से रोक दिया। मासूम शर्मा जयपुर में लाइव शो कर रहे थे। मासूम खटोला-2 गाना गा रहे थे। कुछ लाइन गाने के बाद एसीपी सांगानेर विनोद शर्मा ने स्टेज पर जाकर शो रुकवाया। इसके बाद शो को बंद करा दिया गया।
एसीपी संगानेर विनोद शर्मा ने बताया- 23 मार्च रविवार को जयपुर के एसकेआईटी कॉलेज में प्रोग्राम चल रहा था। रात 10 बजे बाद डीजे बजाने पर प्रतिबंध है। इसकी पुलिस को सूचना मिली थी। तब पुलिस ने सिंगर का शो रुकवाकर डीजे बंद करवाया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई हैं।

हरियाणा में सिंगर मासूम शर्मा के 7 गाने बैन हैं
बता दें कि हरियाणा सरकार ने गन कल्चर का हवाला देते हुए 9 हरियाणवी गाने बैन किए हैं। इनमें 7 अकेले सिंगर मासूम शर्मा के ही हैं। इसमें खटोला – 2 गाना भी शामिल है।
फैंस की डिमांड पर बोले- पता नहीं यहां क्या सिस्टम
मासूम शर्मा जयपुर में रविवार रात लाइव शो कर रहे थे। मासूम ने पहले ‘तेरे मीठे-मीठे बात तेरी साची लागे’ जैसे हरियाणवी गाने गए। इसके बाद वहां जमा फैंस ने मासूम शर्मा से ‘खटोला-2’ यानी ‘एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर’ गाने की डिमांड की। इस पर मासूम शर्मा ने कहा कि म्हारे हरियाणा में तो ये गाने बैन हो रहे हैं, यहां पता नहीं क्या सिस्टम है।
इसके बाद मासूम शर्मा ने पहले बिना म्यूजिक खटोला-2 गाना गया। इसके बाद उन्होंने इसे म्यूजिक पर गाना शुरू कर दिया। यह सुनते ही वहां तैनात पुलिसकर्मी स्टेज पर आ गए। पुलिस ने शो खत्म होने की घोषणा कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मी मासूम को घेरकर स्टेज की साइड में ले गए। इससे नाराज फैंस ने वहां जमकर हूटिंग की।
गुरुग्राम में ACP ने माइक ही छीन लिया था
इससे पहले 21 मार्च की रात को गुरुग्राम के लेजर वैली पार्क सेक्टर 29 में सिंगर मासूम शर्मा का लाइव शो था।जैसे ही मासूम शर्मा ने ‘एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर’ गीत गाना शुरू किया तो ACP ने माइक ले लिया था। इसके बाद मासूम का शो बीच में ही बंद कर दिया गया। जब पुलिस ने गाने से रोका तो वहां मासूम को सुनने आई भीड़ ने जमकर शोर मचाया था।






