जयपुर की जनता एक बार पीने के पानी का संकट होगा। बीसलपुर पेयजल परियोजना में करीब एक महीने बाद फिर लीकेज हुआ है। लीकेज काे ठीक करने के लिए पब्लिक हेल्थ एंड इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट (पीएचईडी) ने 30 सितम्बर को पानी की सप्लाई बंद करने का फैसला किया है। इससे जयपुर शहर में 30 सितम्बर की शाम और 1 अक्टूबर की सुबह पानी की सप्लाई नहीं होगी।
पीएचईडी के अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजय सिंह राठौड़ ने बताया- बीसलपुर-जयपुर के बीच 2300 एमएम व्यास की एमएस ट्रांसमिशन लाइन में ग्राम जयसिंहपुरा, डिग्गी के पास वाल्व में लीकेज हो गया है। इसकी मरम्मत के लिए बीसलपुर परियोजना से 30 सितम्बर को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इस शटडाउन के चलते जयपुर शहर 30 सितम्बर को शाम की पानी सप्लाई नहीं हो पाएगी। वहीं एक अक्टूबर को सुबह भी सप्लाई प्रभावित रहेगी।
लाइनों में बार-बार लीकेज होने से अब सवाल उठना लाजमी है। प्रोजेक्ट से जुड़े इंजीनियरिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं। न मॉनिटरिंग ठीक से हो रही है, न ही फर्म हैंडल कर पा रही है। जलदाय विभाग ने मेंटेनेंस का काम जेसीकेसी फर्म को दे रखा है। इसके लिए 6 करोड़ रुपए सालाना खर्च हो रहे है, लेकिन इसके बावजूद बार-बार लाइन में लीकेज हो रहा है।
ये इलाके रहेंगे प्रभावित
प्रतापनगर क्षेत्र, सांगानेर क्षेत्र, दुर्गापुरा, मालवीय नगर, बापूनगर, महेशनगर, बरकत नगर, सिविललाईन, ज्योतिनगर, शान्तिनगर, सिन्धीकॉलोनी, आदर्शनगर, जवाहर नगर, ट्रक स्टेण्ड, मानसरोवर, श्यामनगर, विद्युत नगर संजय नगर, ऑफिसर कैम्पस, झोटवाड़ा, बीके आई, विद्याधर नगर, मुरलीपुरा, शास्त्री नगर, गोपालबाड़ी, बनीपार्क, अम्बाबाड़ी, जगतपुरा, खोनागोरियान, इन्दिरा गांधी नगर, मुहाना मोड़, जामडोली, सुभाषनगर, चारदीवारी क्षेत्र के घाटगेट, बासबदनपुरा, हिंदा की मोरी और गोविंदनगर क्षेत्र में शाम की पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी।






