जयपुर में 11 अप्रैल से बिना परमिट, बिना टैक्स और तय रूट के बाहर चल रहे वाहनों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। ‘ऑपरेशन भौकाल’ नाम से चल रहे इस अभियान को आरटीओ प्रथम और ट्रैफिक पुलिस मिलकर संचालित करेंगे। इसमें खासतौर पर मैजिक टैम्पो, ई-रिक्शा और निजी बसों को टारगेट किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान जिन वाहनों में परमिट शर्तों का उल्लंघन पाया जाएगा, उन्हें मौके पर ही सीज कर दिया जाएगा।
आरटीओ प्रथम राजेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- यह अभियान शहर को भीड़भाड़ से राहत दिलाने, कर अपवंचन रोकने और ऐसे वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए शुरू किया जा रहा है। जो लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुके हैं। उन्होंने बताया कि हाल ही में नारायण सिंह सर्किल से अवैध पार्किंग हटाकर जाम की समस्या को काफी हद तक नियंत्रित किया गया है। अब शहरभर में नियम विरुद्ध चल रहे वाहनों को रोकने के लिए यह संयुक्त अभियान शुरू किया जा रहा है।
आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस का संयुक्त अभियान
आरटीओ शेखावत ने बताया कि कुल छह टीमों का गठन किया गया है, जो डीसीपी ट्रैफिक शाहीन सी और उनके निर्देशन में काम करेंगी। ये टीमें लोक परिवहन की बसें, स्टेज कैरिज, कॉन्ट्रैक्ट कैरिज, फैक्ट्रियों में चल रही बसें और स्कूल वैन जैसी बाल वाहिनी पर खास नजर रखेंगी। अभियान में टैक्स और परमिट की अनियमितता पाए जाने पर मौके पर ही चालान और वाहन सीज की कार्रवाई की जाएगी।






