जयपुर में बेटे ने पिता के गले पर कैंची से वार हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी बेटा भाग गया था, जिसे मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि वारदात से पहले दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। हमले के बाद आरोपी अपने भाई को घटना की जानकारी देकर भाग गया था।
मामला मुरलीपुरा थाना इलाके का है। मुरलीपुरा थाना सीआई वीरेंद्र कुरील ने बताया- रमेश प्रजापत निवासी प्लॉट न 70 ए पथ न 06, विजय बाडी मुरलीपुरा की हत्या हुई है। उनके आरोपी बेटे आशीष प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक अपने आरोपी बेटे और बेटी के साथ रहते थे। दूसरा प्रदीप प्रजापत अलग रहता था।
भाई ने भाई के खिलाफ करवाया मामला दर्ज
मामले में प्रदीप प्रजापत (26) ने अपने भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया- 7 अप्रैल की रात करीब साढ़े 8 बजे उसके भाई आशीष को फोन आया था। उसने कहा कि उसने पिता को मार दिया हैं।
इसके बाद अपने दोस्त अभिषेक को लेकर अपने घर प्लॉट न 70 ए पथ न 06, विजय बाडी मुरलीपुरा पहुंचा। पिता कमरे में लहूलुहान हालत में फर्श पर पड़े थे। दोस्त के साथ पिता को खेतान हॉस्पिटल लेकर गया। डॉक्टरों ने SMS रेफर कर दिया। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी बेटे को 8 अप्रैल की रात को गिरफ्तार कर लिया।
पिता के खून निकलने पर डरकर भागा था आरोपी
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक रमेश प्रजापत टेलर थे और शराब पीने के आदि थे। वह अपने आरोपी बेटे आशीष और बेटी ज्योति के साथ रहते थे। आशीष हार्ड वेयर की दुकान पर काम करता है और बहन पढ़ाई कर रही हैं।
शराब को लेकर पिता और बेटे के बीच आए दिन विवाद होता था। 7 अप्रैल को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। गुस्से में आशीष ने टेबल पर रखी कैंची को पिता के गले में घुसा दिया। पिता के खून निकलने पर आशीष डर गया और घर से बाहर निकल कर अपने भाई प्रदीप को फोन कर जानकारी दी। इसके बाद भाग गया, उसे 8 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया है। आज आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा





