अजमेर में एक महिला के साथ सामूहिक गैंगरेप का मामला सामने आया है। इंदौर की रहने वाली पीड़िता ने अपने मकान मालिक के किराएदार और उसके चार दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोपी महिला को रहने की जगह दिलाने का झांसा देकर अजमेर ले आया, जहां उसके साथ गैंग रेप किया गया।
पीड़िता ने बताया कि उसका पति काम से बाहर गया था, तभी मकान मालिक ने उसे घर से निकाल दिया। इसी दौरान बिल्डिंग में रहने वाला एक किराएदार उसे मदद का आश्वासन देकर अजमेर ले आया। यहां उसने अपने चार दोस्तों के साथ मिलकर बलात्कार किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी मासूम बेटी का अपहरण कर लिया और उसे रेलवे स्टेशन पर लावारिस छोड़ दिया, जहां से पुलिस ने बच्ची को चाइल्ड केयर सेंटर में भर्ती कराया।
पीड़िता ने इंदौर के थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसे जीरो नंबर एफआईआर के तहत अजमेर के दरगाह थाने में भेजा गया। दरगाह पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





