जयपुर 12 मई। जालोर जिले की थाना बिशनगढ़ पुलिस ने रविवार रात नाकाबन्दी में बाइक सवार थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी दो तस्करों मुकेश कुमार माली पुत्र मंगना राम (32) व भरत कुमार माली पुत्र अचला राम (24) को गिरफ्तार कर 100 ग्राम स्मैक बरामद की है। जब्त स्मैक की कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी ज्ञान चन्द यादव ने बताया कि आईजी जोधपुर रेंज विकास कुमार द्वारा रेंज में अवैध मादक पदार्थ तस्करी की रोकथाम के लिए मिशन मदमर्दन के तहत ‘‘ऑपरेशन भौकाल’’ के तहत कार्रवाई करने के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम व वृताधिकारी जालोर गौतम जैन के सुपरविजन एवं एसएचओ बिशनगढ़ निम्ब सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा रविवार रात नेशनल हाईवे पर तीखी गांव के पास नाकाबन्दी कर चैकिंग की जा रही थी।
इसी दौरान टीम ने बाइक सवार आरोपी में मुकेश कुमार व भरत कुमार को रोक तलाशी में 100 ग्राम स्मैक बरामद की। स्मैक व तस्करी में प्रयुक्त प्लसर मोटरसाईकल जब्त कर एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों से अवैध मादक पदार्थ स्मैक की खरीद-फरोख्त के संबध में पूछताछ कर रही है।
एसपी यादव ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृति के है। अभियुक्त मुकेश कुमार के विरूद्ध इससे पहले 4 आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध है, जिनमें से 02 मादक पदार्थ तस्करी के प्रकरण है। अभियुक्त भरत कुमार के विरूद्ध इससे पहले भी एक प्रकरण पंजीबद्ध है।






