कोटपूतली में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा ने जिला कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय योजनाओं की समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।
गोदारा ने गिव अप अभियान की समीक्षा की। इस अभियान के तहत आयकर दाता, सरकारी कर्मचारी, चार पहिया वाहन धारी और एक लाख से अधिक वार्षिक आय वाले परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से बाहर किया जा रहा है। मंत्री ने 31 अगस्त तक अपात्र व्यक्तियों को स्वेच्छा से योजना छोड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा।
जिले में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 2 लाख 10 हजार 442 परिवार और 9 लाख 11 हजार 589 लाभार्थी हैं। मंत्री ने अधिकारियों को फील्ड में जाकर एनएफएसए का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे, ये सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी राशन दुकानों पर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना की जानकारी प्रदर्शित करने को कहा। साथ ही वर्ष 2022 और 2025 के एनएफएसए पोर्टल पर लंबित आवेदनों के निस्तारण की समीक्षा की। जिलाधिकारियों को स्वीकृत आवेदनों का रैंडम सत्यापन कर अपात्र प्रविष्टियों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री गोदारा ने कहा कि डीलरों और परिवहन कर्ताओं के भुगतान में अनावश्यक विलंब से वितरण प्रणाली प्रभावित होती है, जिसे हर हाल में रोका जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खाद्य सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं सीधे आमजन के सीधे संबंधित हैं, इनकी निगरानी एवं क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





