पण्डित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा के तहत बाड़मेर जिले की पंचायत समिति गडरारोड़ की ग्राम पंचायत देताणी में बुधवार को शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में देताणी के सलमान खान, हबीब खान व हसण खान ने उपस्थित होकर अपने पिता का सम्मानजनक नाम ‘हारुण’ दर्ज करवाने और शेर मोहम्मद ने स्वयं का राजस्व रेकार्ड में दर्ज नाम ‘शेरू’ को सही करने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया।
शिविर प्रभारी ईश्वर लाल सोलंकी तहसीलदार गडरारोड़ ने प्रार्थना पत्र की जांच हल्का पटवारी अभयसिह से करवाई और ग्राम पंचायत देताणी के सरपंच से प्रमाण पत्र प्राप्त किया। प्राप्त जांच के अनुसार सलमान खान, हबीब खान, हसण खान के पिता का नाम होता खान दर्ज हो गया था जो आम बोलचाल में बोला जाता था जबकि आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में वास्तविक नाम हारुण दर्ज था। मजमे आम में पूछताछ, जांच रिपोर्ट के आधार पर प्रार्थी के पिता का नाम होता खान के स्थान पर हारूण करने की स्वीकृति प्रदान की गई जिससे राजस्व रेकार्ड में प्रार्थी के पिता का नाम हारूण दर्ज हो पाया। शेर मोहम्मद के आवेदन पर उसके अन्य दस्तावेजों और पटवारी रिपोर्ट के आधार पर शेरू के स्थान पर शेर मोहम्मद दर्ज करने के लिए स्वीकृति प्रदान की गई।
शिविर में हाथों-हाथ काम होने पर प्रार्थी सलमान खान, हबीब खान, हसण खान और शेर मोहम्मद ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और राजस्थान सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “इस शिविर की बदौलत हमें तहसील और उपखंड कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़े, शिविर में हाथों-हाथ समाधान करने के लिए मुख्यमंत्री जी और प्रशासन का बहुत-बहुत धन्यवाद।”







