जयपुर के टोंक रोड स्थित सियाम ऑडिटोरियम में रविवार को राजस्थान पुलिस और एसीबी के पूर्व डीजी डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा का नागरिक सम्मान समारोह हुआ। आयोजन डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी और अनुसूचित जनजाति संयुक्त संस्थान की ओर से किया गया। कार्यक्रम में एससी, एसटी, ओबीसी और अन्य समाजों से जुड़े संगठनों ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर समाज के लोगों ने डॉ. मेहरड़ा से आग्रह किया कि वे सेवानिवृत्ति के बाद भी समाज के लिए सार्वजनिक रूप से सक्रिय रहें। इस पर डॉ. मेहरड़ा ने कहा- मैं समाज के लिए हमेशा खड़ा हूं। समाज को राजनीतिक रूप से एकजुट रहना चाहिए और अंतर्जातीय विवाह को बढ़ावा देना चाहिए।
समाज के लोगों ने यह भी नाराजगी जताई कि आज तक किसी अनुसूचित जाति के अफसर को राजस्थान में पुलिस महानिदेशक का नियमित पद नहीं मिला, जबकि डॉ. मेहरड़ा इस पद के लिए पूरी तरह योग्य, अनुभवी और लोकप्रिय रहे हैं। उनकी लोकप्रियता का उदाहरण 2 अप्रैल 2023 को जयपुर में हुई महापंचायत है, जिसमें उनके आह्वान पर पांच लाख से ज्यादा लोग जुटे थे।






