जयपुर 6 जुलाई। बाड़मेर ज़िले की चौहटन पुलिस ने अपने विशेष अभियान धरकरभर के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में पिछले एक महीने से फरार चल रहे और ज़िला स्तर के टॉप-10 अपराधियों में शामिल 10,000 रुपये के इनामी मोहनलाल जाट को तेलंगाना के हैदराबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक के निर्देशों पर चलाए जा रहे वांटेड अपराधियों की धरपकड़ अभियान का एक अहम हिस्सा है।
जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि चौहटन पुलिस थाने में नाबालिग से दुष्कर्म का एक गंभीर मामला दर्ज हुआ था। इस मामले का मुख्य आरोपी मोहनलाल जाट निवासी उडण्खा थाना सदर बाड़मेर लगातार एक महीने से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। इसकी गिरफ्तारी को प्राथमिकता देते हुए उसे ज़िले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल कर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
हैदराबाद में मज़दूर बन की रेकी, 500-600 फ्लैट छाने
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जसाराम बोस और वृत्ताधिकारी चौहटन जीवन लाल के मार्गदर्शन एव चौहटन थानाधिकारी राजुराम बामनिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने मोहनलाल के छिपने के संभावित ठिकानों पर गहनता से छानबीन की। पुख्ता जानकारी मिली कि वह हैदराबाद में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना चौहटन के सहायक उपनिरीक्षक मुकना राम के नेतृत्व में एक टीम को तत्काल हैदराबाद रवाना किया गया।
हैदराबाद में पुलिस टीम ने आधुनिक आसूचना और तकनीकी सहायता का उपयोग किया। उन्होंने लगभग 500-600 फ्लैटों और विभिन्न कॉलोनियों में 4 से 5 दिनों तक मज़दूरों के वेश में रेकी की। आखिरकार मोहनलाल पुत्र भलाराम जाट को काम की तलाश में घूमते हुए पाया गया और उसे सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी मोहन लाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे इस मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है। इस साहसिक ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसएचओ राजुराम, एएसआई मुकना राम (विशेष भूमिका), कांस्टेबल ओमप्रकाश (विशेष भूमिका), रमेश शामिल थे।





