खाटूश्यामजी में प्रॉपर्टी कारोबारी के किडनैपिंग केस में पुलिस ने चौकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस ने हरियाणा के कुख्यात बदमाश दीपक मलिक उर्फ टींकू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी दीपक ने साथियों के साथ मिलकर फिरौती के लिए प्रॉपर्टी कारोबारी अमित खंडेलवाल का अपहरण किया था। वह कारोबारी और उसके परिवार से पैसे ऐंठने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसके चंगुल से कारोबारी को पहले ही छुड़ा लिया।
सदर थानाधिकारी कैलाश चंद यादव ने बताया कि किडनैपर को पकड़ने के लिए पुलिस ने करीब कई जिलों में सीसीटीवी फुटेज खंगाली। इसके लिए सीकर, अजमेर सहित कई जिलों में करीब 1700 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया। इसके बाद आखिरकार मुख्य आरोपी दीपक को उदयपुर से गिरफ्तार किया।
दीपक के सहयोगी महिपाल सिंह को भी संसाधन उपलब्ध कराने के आरोप में हिरासत में लिया गया है। पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फिरौती के लिए किडनैप की साजिश रची थी।

यह था मामला
8 जुलाई को दोपहर करीब 1:30 बजे लामियां गांव के पचार रोड पर पेट्रोल पंप के पास बदमाशों ने अमित खंडेलवाल और उनकी सहकर्मी प्रेरणा की कार को रोक लिया था। इसके बाद बदमाशों ने मारपीट कर अमित को जबरदस्ती अपनी स्विफ्ट कार में डाल लिया और उनकी गाड़ी की चाबी छीनकर फरार हो गए। किडनैप की शिकायत अमित खंडेलवाल की सहकर्मी प्रेरणा ने खाटूश्यामजी सदर थाने में दर्ज कराई थी। सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर टेक्निकल तरीके से लोकेशन ट्रेस कर 8 घंटे में ही व्यापारी को बदमाशों के चंगुल से छुड़वा लिया।
आरोपी दीपक मलिक कुख्यात अपराधी
पुलिस के अनुसार- दीपक मल्लिक उर्फ टींकू हरियाणा का कुख्यात अपराधी है, जो 2016 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, फायरिंग, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे 24 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है। जिससे अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया जा सके।






