जयपुर से एक प्रॉपर्टी कारोबारी का किडनैप कर 50 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। दोस्त के साथ रेस्टोरेंट में बैठे प्रॉपर्टी कारोबारी को मारपीट कर बदमाश कार में डालकर ले गए। सुनसान जगह मारपीट करते समय पीछा करते हुए पहुंची पुलिस ने किडनैपर से छुड़वाया। आदर्श नगर थाना पुलिस ने किडनैपर की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया- दौसा के लालसोट निवासी सोनू शर्मा (30) का किडनैप हुआ था। वह महारानी फॉर्म दुर्गापुरा में परिवार के साथ रहकर प्रॉपर्टी का कारोबार करते हैं। बुधवार शाम करीब 5 बजे वह अपने दोस्त हनी के साथ एक क्लाइंट से मिलने राजापार्क गली नंबर-4 स्थित रेस्टोरेंट पर गए थे।
पीड़ित सोनू शर्मा ने बताया- रेस्टोरेंट पर बैठकर दोस्त से बातचीत के दौरान पूर्व पार्टनर प्रकाश चंद अपने 5-6 साथियों के साथ रेस्टोरेंट आया। रेस्टोरेंट में रखी कुर्सियों से मारपीट कर साथियों की मदद से कार में डालकर किडनैप कर लिया। चलती कार में मारपीट करते हुए उसे लालसोट के रामगढ़ में सुनसान जगह ले गए। साथियों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से जमकर मारपीट कर 50 लाख रुपए की डिमांड की।
पुलिस को देखकर भागे
दोस्त हनी ने प्रॉपर्टी कारोबारी दोस्त सोनू शर्मा के किडनैपिंग की सूचना परिजनों को दी। आदर्श नगर थाने में परिजनों ने तुरंत किडनैप कर ले जाने के बारे में बताया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर लोकेशन ट्रेस कर किडनैपर का पीछा शुरू किया। पीछा करते हुए पहुंची आदर्श नगर थाना पुलिस की टीम आखिरकार किडनैप सोनू शर्मा तक पहुंच गई। पुलिस को देखकर किडनैपर उसे छोड़कर भाग निकले। पुलिस टीम घायल हालत में मिले प्रॉपर्टी कारोबारी सोनू को अपने साथ जयपुर ले आए। पुलिस ने किडनैपिंग का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।






