जयपुर में रविवार को श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में सर्वसम्मति से उजागर सिंह डाबला को राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष चुना गया।
करणी सेना की राष्ट्रीय अध्यक्षा शिला सुखदेव सिंह गोगमेड़ी ने नए अध्यक्ष की घोषणा की। उन्होंने कहा कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना राजपूत समाज के साथ-साथ सर्व समाज के लिए कार्य करती है। संगठन निर्धनों की सहायता और गोसेवा के लिए भी प्रतिबद्ध है।
सम्मेलन में राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों से करणी सेना के कार्यकर्ता और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे। राष्ट्रीय अध्यक्षा ने सभी सदस्यों से युवा प्रदेश अध्यक्ष का साथ देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इससे समाज का युवा वर्ग मुख्य धारा से जुड़ सकेगा।
कार्यक्रम में दिलीप सिंह महरोली, दलपत सिंह गच्छीपुरा, मनोज सिंह तंवर, महीपाल सिंह, चत्तर सिंह नरूका, अभयराज सिंह गोगामेड़ी, महेन्द्र सिंह चारण और महेन्द्र सिंह शेखावत समेत राजस्थान के सभी जिलाध्यक्ष और उनकी कार्यकारिणी मौजूद रही। साथ ही बड़ी संख्या में राजपूत समाज के लोग और करणी सेना कार्यकर्ता भी उपस्थित थे।






