जयपुर में पेट्रोल पंप पर सेल्समैन से मारपीट कर रुपए लूट की वारदात की गई। युवक बोतल में पेट्रोल भरवाने की जिद कर रहा था। सेल्समैन ने मना किया तो दोस्तों को बुलाकर वारदात की। मामला बिंदायका थाना इलाके में सिरसी रोड पर मामा फिलिंग स्टेशन पर रविवार देर रात की है। एक युवक को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस का कहना है- वारदात में शामिल एक युवक हर्ष यादव निवासी गोकुलपुरा को डिटेन कर लिया गया हैं। उसके साथियों की तलाश की जा रही हैं।
पेट्रोल पंप पर बाइक छोड़कर भागा था
पेट्रोल पंप मालिक जगदीश ने बताया- बाइक से एक युवक आया और बोतल में पेट्रोल डालने की जिद करने लगा था। सेल्समैन ने पेट्रोल देने से मना कर दिया। इसके बाद बाद युवक बाइक को छोड़कर अपने दोस्त बुलाकर लाया। कार से आए उसके दोस्तों ने पहले सेल्समैन के साथ मारपीट की।
उसके बाद 48 हजार रुपए छीनकर ले गए। रात करीब 2.55 पर पुलिस कंट्रोल को घटना की जानकारी दी गई। इसके बाद बिंदायका थाना पुलिस सुबह साढ़े 4 बजे पेट्रोल पंप पर पहुंची। उसी समय आरोपी युवक हर्ष यादव भी पंप पर बाइक लेने के लिए आया। सेल्समैन ने उसे पहचान लिया और उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।






