वैशाली नगर स्थित अल्प कैफे एंड किचन में आजादी का उत्सव और एंटरप्रेन्योर नेटवर्किंग का आयोजन हुआ। इस मौके पर उद्यमियों और स्टार्टअप ने न केवल आजादी का जश्न मनाया बल्कि एक-दूसरे के साथ अनुभव साझा कर बिजनेस को नई ऊंचाइयों तक ले जाने पर विचार-विमर्श भी किया। कार्यक्रम की आयोजक साक्षी आहूजा ने बताया कि इस आयोजन की खास थीम तिरंगा और आजादी के रंग रही।

महिलाएं इसी थीम के अनुसार तैयार होकर आईं और सभी ने फेस टैटू आर्टिस्ट से तिरंगा थीम पर टैटू बनवाए। साथ ही, यह संदेश दिया गया कि जिस तरह हम आजादी का उत्सव मनाते हैं, उसी तरह हमें अपने व्यवसाय में नवाचार और नए अवसरों को भी अपनाना चाहिए।

इस अवसर पर कैट की वुमन विंग की अध्यक्ष ललिता कुच्छल, वसुधा की डायरेक्टर मोना शर्मा, डॉ. कीर्ति जैन, ब्यूटी एक्सपर्ट मीनाक्षी चौधरी, सीमा जैन, डिजाइनर ज्योति पवार और प्रतीक्षा गुप्ता सहित कई महिला उद्यमी मौजूद रहीं।
नेटवर्किंग सत्र के दौरान उद्यमियों और स्टार्टअप ने साझेदारी, सहयोग और नए अवसरों की तलाश पर चर्चा की। बिजनेस ग्रोथ के लिए आइडिया एक्सचेंज और म्यूचुअल सपोर्ट पर जोर दिया गया। आजादी के उत्सव में तिरंगा फहराया गया और देशभक्ति गीतों के साथ वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।






