जयपुर के एक बैंक में 5 हजार रुपए के नकली नोट आने का मामला सामने आया है। बैंक अकाउंट में जमा कराने के लिए नकली नोट को कस्टमर लेकर आया था। कैशियर ने चैकिंग के दौरान नकली नोट पकड़े। रामनगरिया थाने में बैंक ब्रांच मैनेजर ने कस्टमर के खिलाफ FIR दर्ज करवाई है।
एसआई गिरवर सिंह ने बताया- रामनगरिया के जगतपुरा में HDFC बैंक की ब्रांच है। ब्रांच मैनेजर राहुल कुमार सिंह की ओर से FIR दर्ज करवाई गई है। शिकायत में बताया- 12 नंबर को बैंक में एक कस्टमर कैश जमा कराने के लिए आया था। रुपए जमा करने के दौरान कैशियर ने नोट चैक किए।
नोट चैक करने पर बैंक अकाउंट में जमा कराने आए 500 रुपए के 10 नकली नोट मिले। बैंक में 5 हजार रुपए के नकली नोट लेकर आने के बारे में जानकारी की गई। कैशियर की ओर से ब्रांच मैनेजर को बैंक में नकली नोट आने के बारे में बताया गया। ब्रांच मैनेजर की ओर से रामनगरिया थाने में कस्टमर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई गई।





