जयपुर में दिनदहाड़े एक युवक से जहरखुरानी कर लूट का मामला सामने आया है। बातों में उलझाकर नशीला बिस्किट खिलाकर बदमाश ने वारदात को अंजाम दिया। पेंट की जेब में रखे 51 हजार रुपए और मोबाइल निकालकर फरार हो गया। ट्रांसपोर्ट नगर थाने में पीड़ित ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले में जहर खुरानी करने वाले हिस्ट्रीशीटर को अरेस्ट किया है।
ASI कैलाश चन्द ने बताया- मध्यप्रदेश के भिण्ड के रहने वाले राहुल कुमार वर्मा (22) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया- शनिवार शाम करीब 4 बजे वह जयपुर से ग्वालियर जाने के लिए रोटरी सर्किल पर बस का इंतजार कर रहा था। इस दौरान करीब 40 साल का व्यक्ति आकर उसके पास बातचीत करने लगा। मीठी-मीठी बातें कर उसे आने-जाने के बारे में पूछने लगा। कुछ देर बाद बातों में लेकर बिस्कुट खिला दिया। बिस्कुट में जहर मिला होने के कारण वह खाते ही बेहोश हो गया।
बेहोश होने के बाद उसकी पेंट की जेब में रखे 51 हजार रुपए व मोबाइल निकालकर फरार हो गया। लोगों ने बेहोशी की हालत में पड़े मिलने पर हॉस्पिटल में इलाज के लिए एडमिट करवाया। रविवार दोपहर करीब 2 बजे होश आने पर जहरखुरानी की वारदात का पता चला। ट्रांसपोर्ट नगर थाने में पीड़ित ने अनजान बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेज को खंगालने के साथ जहरखुरानी कर लूट करने वाले बदमाश की तलाश कर रही है।
हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने पकड़ा पुलिस वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ जहरखुरानी कर लूट करने वाले बदमाश की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जहरखुरानी की वारदात करने वाले राजू यादव उर्फ रघुवीर सिंह (50) निवासी कन्नौज उत्तर प्रदेश को पकड़ा गया। वह रोटरी सर्किल के पास राजस्थान रोडवेज बस डिपो के यात्री विश्राम स्थल में लगी कुर्सियों पर बैठा मिला। सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने बिस्किट में नशीला पदार्थ मिलाकर लूट की वारदात करना कबूल किया। तलाशी में उसके पास नशे की गोलियां मिली।
पुलिस ने आरोपी राजू यादव उर्फ रघुवीर सिंह को अरेस्ट किया। जिसके कब्जे से मिली नशे की गोलियों व सामान को जब्त किया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी राजू यादव उर्फ रघुवीर सिंह हिस्ट्रीशीटर है। पूर्व में भी जहर खुरानी के मामले में कई बार जेल जा चुका है। पूछताछ में उसने ट्रांसपोर्ट नगर से आगरा तक हाईवे पर जाने वाली बसो में दर्जनों जहरखुरानी की वारदाते करना कबूल किया है।






