जयपुर में फिल्मी स्टाइल से एक युवक से लूट का मामला सामने आया है। लात मारकर बदमाशों ने चलती बाइक से युवक को नीचे गिराया। लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर कैश-मोबाइल लूट ले गए। बस्सी थाना पुलिस ने पीड़ित की FIR दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
हेड कॉन्स्टेबल श्यामलाल ने बताया- तुंगा के अणतपुरा निवासी राहुल शर्मा (25) के साथ लूट की वारदात हुई। शुक्रवार रात करीब 7:45 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान गांधी स्टेडियम के पास दो बाइक पर सवार पांच लड़के उसका पीछा करने लगे। पांचों लड़कों ने अपने मुंह पर रुमाल बांध रखा था। गांधी स्टेडियम के पास पहुंचते ही लात मारकर बदमाशों ने उसे बाइक सहित नीचे गिरा दिया। नकाबपोश बदमाशों ने लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला किया।
लोहे की रॉड से उसके पैरों में घुटनों के नीचे और हाथ में कोहनी से ऊपर व शरीर पर मारपीट की गई। उसकी बाइक पर ताबड़तोड़ वार कर तोड़ डाला। उसकी जेब में रखे 15 हजार रुपए व मोबाइल लूटकर अपनी बाइकों से फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि पीड़ित के अदंरूनी चोटें लगी है। FIR दर्ज कर वारदातस्थल के आस-पास लगे CCTV फुटेजों को खंगालने के साथ बाइक सवार लुटेरों की तलाश कर रही है।






