घर पर दोस्त और परिवार के लोग जन्मदिन का केट काटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन नाबालिग की मौत की खबर आई। तेज रफ्तार कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में नाबालिग के साथ उसके दोस्त की भी मौत हो गई।
दोनों दोस्त गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर नेशनल हाईवे-148D (उनियारा-गुलाबपुरा) पर स्थित एक होटल में नाश्ता लेने गए थे। लौटते समय गुजरात नंबर की कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। मामला टोंक जिले के उनियारा थाना क्षेत्र के चतरपुरा गांव का है।

होटल पर नाश्ता लेने गए थे दोनों दोस्त जानकारी के अनुसार, सचिन मीणा (16) का रविवार को जन्मदिन था। गांव के दोस्त उसका जन्मदिन सेलिब्रेट करने उसके घर आए हुए थे। दोस्तों के लिए नाश्ता लेने के लिए सचिन अपने दोस्त नरेश (21) के साथ बाइक लेकर गांव से 1 किलोमीटर दूर होटल पर गए थे।
नाश्ता लेने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। होटल से थोड़ी दूरी पर गुजरात नंबर की तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। कार में 3 लोग सवार थे, जो उनियारा की ओर से आ रहे थे। बताया जा रहा है कि तीनों कार सवार अलवर के रहने वाले हैं और हिंडोली (बूंदी) में अपने परिचित से मिलने जा रहे थे।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। बाइक सवार दोनों दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हालांकि लोगों ने दोनों को उनियारा हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। उधर, होटल पर मौजूद लोगों ने कार सवार लोगों को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया।

तीन बहनों का इकलौता भाई था सचिन हादसे में मरने वाला सचिन 3 बहनों का इकलौता भाई था। वह 9वीं क्लास में पढ़ता था। सचिन के पिता बुद्धिप्रकाश मीणा खेती किसानी का काम करते हैं। हादसे में जान गंवाने वाला नरेश मीणा कोटा में रहकर रेलवे के एग्जाम की तैयारी कर रहा था। नरेश के पिता जोड़ मीणा भी किसान हैं।
नरेश 5 दिन पहले ही परिवार से मिलने गांव आया था। रविवार रात को सचिन को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने उसके घर गया था। वहां से सचिन के साथ किसी दोस्त की बाइक लेकर हाईवे पर स्थित होटल से नाश्ता लेने के लिए गया था।
हादसे की सूचना मिलने के बाद दोनों दोस्तों के घरों में कोहराम मच गया। गांव में कई घरों में चूल्हा भी नहीं जला। पुलिस ने सोमवार सुबह दोनों शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिए। इसके बाद गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया।





