जयपुर एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एक बार फिर फ्लाइट शेड्यूल बिगड़ गया है। इंडिगो एयरलाइंस, स्पाइस जेट एयरलाइंस और एयर इंडिया एयरलाइंस की चार फ्लाइट्स को आखिरी वक्त पर रद्द कर दिया है।
वहीं शारजाह, पुणे और बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट अपने निर्धारित समय से 5 घंटे तक लेट है। जिससे जयपुर एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दरअसल, इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट 6E – 748, जो सुबह 6 बजकर 40 मिनट पर जयपुर से गुवाहाटी के लिए रवाना होने वाली थी, जिसके लिए पैसेंजर्स सुबह 5 बजे ही एयरपोर्ट पहुंचना शुरू हो गए थे। लेकिन आखिरी वक्त पर इंडिगो एयरलाइंस ने ऑपरेशन रीजन का हवाला देकर फ्लाइट को रद्द कर दिया। एयरलाइन सूत्रों के अनुसार, एयरक्राफ्ट की उपलब्धता नहीं होने की वजह से यह फैसला लिया गया।
इसके साथ ही स्पाइस जेट एयरलाइंस ने जयपुर से दिल्ली जाले वाली फ्लाइट SG – 386, जो सुबह 5 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरती है। उसे भी संचालन कारण का हवाला देकर रद्द कर दिया गया।
वहीं एयर इंडिया दिल्ली से सुबह 7 बजकर 10 मिनट पर जयपुर आने वाली फ्लाइट AI – 1767 को भी आखिरी समय पर कैंसिल कर दिया गया। इसके साथ ही जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट AI – 1834 को भी लास्ट मूवमेंट पर कैंसिल कर दिया गया।
एयर इंडिया से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली से आने वाली फ्लाइट को ऑपरेशनल कारणों से उड़ान नहीं भरने दी गई, जबकि जयपुर से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट विमान की कमी के चलते रद्द करनी पड़ी।
बता दें कि इससे पहले गुरुवार को भी एयर इंडिया ने जयपुर – दिल्ली और दिल्ली – जयपुर दोनों फ्लाइट को रद्द कर दिया था।
एक ही दिन में चार फ्लाइट्स कैंसिल होने से पैसेंजर्स खासे नाराज
एक ही दिन में चार फ्लाइट्स के कैंसिल होने से जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंचे पैसेंजर्स खासे नाराज नजर आए। कई पैसेंजर्स ने बताया कि उन्हें आखिरी वक्त पर फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिली, जिससे उनका पूरा ट्रैवल प्लान बिगड़ गया। कुछ पैसेंजर्स ने एयरलाइन कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
हालांकि, तीनों एयरलाइन कंपनियों की ओर से प्रभावित पैसेंजर्स को ऑप्शनल फ्लाइट्स और रिफंड की सुविधा देने की बात कही गई है। इसके बावजूद, बार-बार होने वाले आखिरी वक्त के कैंसिलेशन से जयपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
जयपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी कारणों से कई फ्लाइट्स लेट
इसके साथ ही जयपुर एयरपोर्ट पर तकनीकी कारणों से आज सुबह कई फ्लाइट्स लेट हो गई, जिससे पैसेंजर्स को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एयर अरबिया की शारजाह जाने वाली फ्लाइट G9-436, जो सुबह 4:10 बजे रवाना होनी थी, वह करीब छह घंटे से ज्यादा देरी के बाद सुबह 10 बजे बाद उड़ान भर सकेगी।
वहीं स्पाइसजेट की पुणे जाने वाली फ्लाइट SG-1077, जिसका निर्धारित समय सुबह 5:20 बजे था, अब दोपहर 12 बजे पुणे के लिए रवाना होगी। इसके अलावा इंडिगो की बेंगलुरु जाने वाली फ्लाइट 6E-839 भी तकनीकी खराबी के चलते लेट हो गई, जो सुबह 5:35 बजे की बजाय अब सुबह 8:40 बजे उड़ान भर पाई। फ्लाइट्स में देरी से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे पैसेंजर्स को लंबा इंतजार करना पड़ रहा है।





