बघेरा के माली मोहल्ला, सलारी गेट स्थित बाब्जी की गली से सड़क पर जाने वाले रास्ते पर गंदे नाले का पानी और कीचड़ जमा होने से स्थानीय निवासियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़कों पर जमा यह पानी अब लोगों के घरों में भी घुस रहा है।
सड़कों और खाली भूखंडों में गंदा पानी भरने से पूरे इलाके में दुर्गंध फैल गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। यह आम रास्ता गंदगी और कीचड़ से भरा रहता है, जिसके कारण पैदल चलने वालों को भी भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है।

पानी और कीचड़ से भरी सड़कों के कारण राहगीरों, विशेषकर स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने की घटनाएं बढ़ गई हैं और आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कच्ची सड़कों पर कीचड़ के कारण आवाजाही पूरी तरह बाधित है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को अस्पताल ले जाने में भी दिक्कतें आ रही हैं।
निवासियों का आरोप है कि सड़कों पर गंदगी का अंबार लगा है और बार-बार शिकायत करने के बावजूद अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। मोहल्ले वालों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने दो दिन के भीतर इस समस्या का समाधान नहीं किया, तो पंचायत समिति केकड़ी में धरना प्रदर्शन किया जाएगा।






