सीकर में बहन और मां की मौत के सदमे में बेटे ने ट्रेन के आगे छलांग लगाकर सुसाइड कर लिया। मां-बेटे का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ। मामला उद्योग नगर इलाके का 26 जनवरी का है।
एसएचओ राजेश कुमार बुडानिया ने बताया कि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि दासा की ढाणी फाटक के पास एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान लाडनूं के वार्ड नंबर 17 निवासी ओमप्रकाश स्वामी (50) पुत्र सोहनलाल के रूप में हुई।

परिजनों से पूछताछ में पता चला कि ओमप्रकाश की 84 साल की मां खिरणी देवी 22 जनवरी से सीकर के गुरुकृपा अस्पताल में भर्ती थी। 26 जनवरी को बेटी किरण (52) को मां की गंभीर स्थिति का पता चला, तो सदमे में सुबह 7.30 बजे उसकी मौत हो गई। 26 जनवरी की ही दोपहर 1.30 बजे खिरनी देवी का भी निधन हो गया था।
मां की मौत के बाद ओमप्रकाश ने परिजनों को शव लेकर लाडनूं जाने को कहा और खुद बस से आने की बात कहकर सीकर में रुक गए। शाम 4 से 4:30 बजे के बीच ओमप्रकाश ने ट्रेन के सामने आकर सुसाइड कर लिया। 9 घंटे के अंदर बहन, मां और बेटे की मौत हो गई। आज मां और बेटे का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार हुआ। वहीं किरण का 26 जनवरी को ही अंतिम संस्कार हुआ था।
ओमप्रकाश की शादी नहीं हुई थी।पोस्ट ऑफिस में एजेंट थे। वह अपनी कमाई मां और बहन को दे देते थे और बहन के घर पर ही रहते थे। पुलिस का मानना है कि बहन और फिर मां की मौत से वे इतने टूट गए कि सुसाइड का फैसला कर लिया। ओमप्रकाश के भाई घनश्याम शिक्षा विभाग में अधिकारी हैं।






