77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर महानिदेशक कारागार, राजस्थान अशोक राठौड़ ने राजस्थान कारागार मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर जेल एवं आरएसी की टुकड़ियों द्वारा सलामी परेड प्रस्तुत की गई, वहीं कारागार के बंदी बैण्ड ने जन गण मन राष्ट्रीय गान की मधुर स्वर-लहरियों से वातावरण को देशभक्ति से ओतप्रोत कर दिया।
ध्वजारोहण के पश्चात राठौड़ ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मैदान में उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा कारागार कर्मियों से आत्मीयता से मुलाकात की।
इस अवसर की सबसे महत्वपूर्ण और प्रेरक झलक तब देखने को मिली, जब राठौड़ ने कारागार के बंदी बैण्ड के बैण्ड मास्टर से स्वयं आगे बढ़कर हाथ मिलाया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। एक डीजीपी स्तर के अधिकारी द्वारा ऐसा मानवीय और सम्मानजनक व्यवहार देखकर बंदियों में विशेष प्रसन्नता और उत्साह देखने को मिला। यह क्षण पद की गरिमा के साथ-साथ संवेदनशील नेतृत्व का सशक्त उदाहरण बना।
इस अवसर पर अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे, जिनमें आईजी जेल विक्रम सिंह, डीआईजी मोनिका अग्रवाल तथा सुमन मालीवाल प्रमुख रूप से शामिल थीं।





