उप मुख्यमंत्री एवं आयुर्वेद मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने शुक्रवार को विधानसभा में बताया कि भुसावर में स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय वर्ष 1950 से संचालित है। उन्होंने सदन को आश्वस्त किया कि भूमि उपलब्धता के बाद इस चिकित्सालय के नवीन भवन का निर्माण कराया जा सकेगा।
आयुर्वेद मंत्री प्रश्नकाल के दौरान विधायक बहादुर सिंह द्वारा इस संबंध में पूछे गए पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। इससे पहले सदस्य के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने बताया कि वर्तमान में भुसावर स्थित राजकीय आयुर्वेद चिकित्सालय, विद्यापीठ गर्ल्स छात्रावास के निजी भवन के द्वारा निःशुल्क आवंटित एक हॉल एवं 2 कमरों में संचालित किया जा रहा है।
डॉ. बैरवा ने बताया कि भूमि अनुपलब्धता के कारण इस चिकित्सालय के भवन निर्माण का कार्य नहीं करवाया जा सका। भूमि आवंटन पश्चात नियमानुसार भवन निर्माण की कार्यवाही की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्थानीय प्रशासन द्वारा उक्त चिकित्सालय हेतु भूमि आवंटन एवं भूमि पूजन नहीं किया गया है।






