उत्तर भारत में खराब मौसम का असर जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन पर भी देखने को मिल रहा है। जयपुर एयरपोर्ट से आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स मंगलवार को रद्द और लेट रहीं, जिससे पैसेंजर्स को परेशानी का सामना करना पड़ा।
इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद आने-जाने वाली दोनों फ्लाइट्स को संचालन कारणों के चलते रद्द कर दिया गया। इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 7031, जो दोपहर 1:25 बजे जयपुर से अहमदाबाद के लिए रवाना होती है, आज रद्द रही।
वहीं अहमदाबाद से शाम 5:05 बजे जयपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 7523 भी कैंसिल कर दी गई। अचानक फ्लाइट रद्द होने की सूचना मिलने के बाद पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पर काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
गुवाहाटी जाने वाली फ्लाइट लेट
जयपुर एयरपोर्ट से गुवाहाटी जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX – 1518 भी तय समय पर रवाना नहीं हो सकी। यह फ्लाइट दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर जयपुर से गुवाहाटी के लिए उड़ान भरने वाली थी, लेकिन अब इसे शाम 5 बजे तक रवाना किया जाना तय किया गया है।
बताया जा रहा है कि गुवाहाटी से आने वाली इनकमिंग फ्लाइट समय पर नहीं पहुंचने के कारण यह फ्लाइट लेट हुई है। ऐसे में गुवाहाटी जाने वाले पैसेंजर्स को एयरपोर्ट पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है।
खराब मौसम के चलते जयपुर डायवर्ट हुई फ्लाइट्स
उत्तर भारत में खराब मौसम के कारण बीती रात कई फ्लाइट्स को जयपुर एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। एयर इंडिया एक्सप्रेस की रांची से दिल्ली जा रही फ्लाइट IX – 1056 को जयपुर डायवर्ट कर यहां उतारा गया। वहीं थाई एयरवेज की बैंकॉक से दिल्ली जा रही इंटरनेशनल फ्लाइट TG – 331 भी जयपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट होकर पहुंची।
इसके अलावा इंडिगो की अबू धाबी से चंडीगढ़ जा रही फ्लाइट 6E – 1440 और एयर इंडिया की मुंबई से चंडीगढ़ जाने वाली फ्लाइट 6E – 471 को भी जयपुर डायवर्ट किया गया। एक चार्टर विमान को भी खराब मौसम के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर उतारा गया।
फ्लाइट्स के रद्द और लेट होने के चलते जयपुर एयरपोर्ट पर पैसेंजर्स की भीड़ देखने को मिली। हालांकि मौसम में सुधार के बाद ही फ्लाइट संचालन सामान्य होने की उम्मीद जताई जा रही है।






