बालेसर कस्बे के शहीद भंवरसिंह नगर क्षेत्र में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से लगी आग में 11 पशु जिंदा जल गए। उत्तमसिंह पुत्र हड़मत सिंह इंदा की रहवासी ढाणी और पशु बाड़े में लगी इस आग से 8 बकरियां, 2 गाय और एक बछड़ा जलकर राख हो गए।
घरेलू सामान जलकर खाक घटना में दो गायें और एक बकरी बुरी तरह झुलस गईं, वहीं ढाणी में रखा खाद्यान्न, बिस्तर, कपड़े और घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। आग लगने का कारण ट्यूबवेल पर हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
ट्यूबवेल पर शॉर्ट सर्किट हुआ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार दोपहर उत्तमसिंह पुत्र हड़मत सिंह इंदा की ढाणी में ट्यूबवेल पर शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पशु बाड़े में बंधे पशु इसकी चपेट में आ गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि रहवासी ढाणी में बना झोपड़ा पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
रेत और पानी की मदद से आग पर पाया काबू घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेत व पानी की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, ढाणियों तक पहुंचने के लिए उचित रास्ता न होने के कारण पानी के टैंकरों और अन्य वाहनों को पहुंचने में काफी परेशानी हुई, जिससे आग पर काबू पाने में देरी हुई।
पीड़ित को मुआवजा देने की मांग सूचना मिलने पर तहसीलदार हुकमसिंह सिसोदिया, पटवारी नरपतसिंह और पशुपालन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है। इस दौरान मनोहरसिंह, उत्तमसिंह, हड़मत सिंह, विजयसिंह और पपुसिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।






