Home » राजस्थान » करौली पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा: 24 घंटे में दबोचे 30 हजार के 4 इनामी बदमाश, टॉप-10 अपराधी और हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

करौली पुलिस का ऑपरेशन शिकंजा: 24 घंटे में दबोचे 30 हजार के 4 इनामी बदमाश, टॉप-10 अपराधी और हिस्ट्रीशीटर भी शामिल

पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाश चन्द्र विश्नोई और जिला पुलिस अधीक्षक करौली लोकेश सोनवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ऑपरेशन शिकंजा ने अपराधियों की कमर तोड़ दी है। करौली पुलिस ने बीते 24 घंटों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए 15 हजार, 10 हजार और 5-5 हजार के चार इनामी बदमाशों को सलाखों के पीछे पहुँचाया है।
इस पूरे अभियान का सुपरविजन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गुमनाराम और सत्येन्द्रपाल द्वारा किया जा रहा है।
1. नई मण्डी पुलिस की बड़ी कामयाबी: 15 हजारी लल्लू गिरफ्तार
थाना नई मण्डी पुलिस ने टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल रामहरी उर्फ लल्लू गुर्जर (28) को हिण्डौन सिटी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट के 8 मामले दर्ज हैं।
आरोपी पिछले 3 वर्षों से न्यायालय से फरार चल रहा था और उस पर 15,000 रुपये का इनाम घोषित था। हेड कांस्टेबल जोगेन्द्र सिंह की टीम ने मुखबिर की सूचना पर इसे घेराबंदी कर दबोचा।
2. 10 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर राजबहादुर चढ़ा हत्थे
नई मण्डी थानाधिकारी नरेश पोसवाल की टीम ने थाने के हिस्ट्रीशीटर राजबहादुर उर्फ राज कंसाना को अग्रसेन कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी पर एनडीपीएस एक्ट, मारपीट और राजकार्य में बाधा के 13 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
वह पिछले 2 साल से स्मैक तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। इस गिरफ्तारी में कांस्टेबल हरिओम की विशेष भूमिका रही।
3. बालघाट पुलिस: पोक्सो एक्ट का 5 हजारी आरोपी गिरफ्तार
थानाधिकारी महेश कुमार की टीम ने बलात्कार (पोक्सो एक्ट) के मामले में 5 महीने से फरार चल रहे जगपाल मीना (25) को पाडला टोडाभीम से गिरफ्तार किया है। आरोपी अपनी पहचान छुपाने के लिए दिल्ली, हरियाणा और जयपुर में ठिकाने बदल-बदल कर रह रहा था।
4. सदर हिण्डौन: नकबजनी का इनामी डीजे पिन्टू गिरफ्तार
सदर थाना पुलिस ने 5000 रुपये के इनामी बदमाश पिन्टूराम उर्फ डी.जे. को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अप्रैल 2024 में एक दुकान की दीवार तोड़कर कपड़े, जूते और डीजे मशीनें चोरी की थीं। आरोपी जयपुर के महेश नगर थाने से भी धोखाधड़ी के मामले में वांछित चल रहा था।
एसपी सोनवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है, जिससे अन्य कई वारदातों के खुलासे होने की संभावना है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS