अजमेर जिला कलक्टर के बाद अब साइबर ठगों ने महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय के कुलसचिव कैलाशचंद्र शर्मा को निशाना बनाया है। ठगों ने उनका मोबाइल नंबर हैक कर व्हाट्सएप के जरिए परिचितों से पैसे मांगने के संदेश भेजे। मामले की जानकारी मिलते ही कुलसचिव ने जिला पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई।
कुलसचिव आरएएस अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा ने बताया कि गुरुवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे साइबर ठगों ने उनका मोबाइल नम्बर हैक करके उनके परिचितों को वाट्सएप के जरिए मैसेज भेजा। मैसेज में लिखा कि इमरजेंसी के कारण उन्हें तत्काल 30 हजार रुपए की आवश्यकता है।
विश्वविद्यालय में जिन कार्मिकों के पास यह मैसेज गया, उन्होंने तत्काल शर्मा को जाकर इस बारे में बताया। इसकी सूचना तुरंत कुलसचिव ने साइबर सेल में दी। फिलहाल पुलिस जांच में जुट गई है।
ना मैसेज आ रहे थे ना कॉल
जब तक कुलसचिव शर्मा का मोबाइल नम्बर हैक रहा, तब तक उनके मोबाइल फोन न तो कॉल आ रहे थे और न मैसेज। साइबर सेल के प्रयास से कुछ समय बाद उनके मोबाइल पर कॉल, मैसेज आना शुरू हुए।
जिला कलेक्टर सहित एक अन्य IAS का भी नंबर हुआ था हैक
पिछले मंगलवार को जिला कलेक्टर सहित अन्य एक अन्य आईएएस अफसर के भी मोबाइल नंबर हैक होने के मामले सामने आ चुके हैं। साइबर ठगों ने एक इंटरनेशनल नंबर का उपयोग कर जिला कलेक्टर की फोटो (डीपी) लगाकर फर्जी वाट्सएप अकाउंट बनाया और उसके जरिए रुपयों की मांग की।
जिला कलेक्टर ने तुरंत पुलिस अधीक्षक वन्दिता राणा को जांच कराने के आदेश दिए। इसी तरह साइबर ठगों ने प्रदेश स्तरीय विभाग में नियुक्त आईएएस अधिकारी का भी नंबर हैक किया था






