जयपुर के आबादी इलाके में एक बार फिर लेपर्ड का मूवमेंट हुआ है। अबकी बार लेपर्ड आगरा रोड स्थित सूर्य सिटी कॉलोनी में नजर आया। वह एक घंटे से ज्यादा समय तक कॉलोनी में रहा। शनिवार तड़के करीब 3 बजे लेपर्ड CCTV में कैद हुआ है।
उधर, वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन लेपर्ड नहीं मिला। रात में पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि फिर से लेपर्ड आए तो उसे पकड़ा जा सके।
आवासीय इलाके में लेपर्ड…




कॉलोनी की सड़क पर घूमता दिखा क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया- सूर्य सिटी कॉलोनी में लेपर्ड सड़क पर घूमता दिखा था। सीसीटीवी में नजर आ रहा है कि लेपर्ड सड़क पर घूमता हुआ एक कुत्ते के पास गया। इसके बाद यहां से आगे बढ़ गया।
कॉलोनी के लोगों ने लेपर्ड के मूवमेंट की सूचना दी थी। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आस-पास के क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी देर तक तलाशी के बावजूद लेपर्ड का कोई सुराग नहीं लगा। रात में मौके पर पिंजरा लगाया जाएगा।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि संभावना है कि लेपर्ड जंगल की ओर लौट गया हो। बावजूदत इसके एहतियातन क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों से रात के समय सतर्क रहने की अपील की गई है।

जयपुर के अलग-अलग रेजिडेंशियल इलाकों में निकलता रहा है लेपर्ड बीते कुछ महीनों में लेपर्ड चांदपोल, शास्त्री नगर, सिविल लाइंस (मंत्री आवास), जलमहल में गुर्जर घाटी, गोपालपुरा, दुर्गापुरा, जयसिंहपुरा, जगतपुरा, विद्याधर नगर जैसे इलाकों में भी देखा जा चुका है।
आबादी वाले क्षेत्रों में लेपर्ड की बढ़ती गतिविधियों से लोगों में डर का माहौल है। सूर्य सिटी की घटना ने एक बार फिर आम जनता की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
वन विभाग की टीम वन क्षेत्र के आसपास के इलाकों में लगातार निगरानी कर लेपर्ड मूवमेंट पर नजर रख रही है।





