जोधपुर में दो गुटों के बीच खनन को लेकर झगड़ा हो गया। झगड़े में कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना राजीव गांधी थाना क्षेत्र के केरू खनन इलाके की है।
राजीव गांधी नगर थाना अधिकारी रविंद्र पाल सिंह राजपुरोहित ने बताया- शुक्रवार शाम को दो गुटों के बीच विवाद हो गया। इनके बीच खनन लीज को लेकर पहले से विवाद चल आ रहा है। दोनों पक्ष बातचीत के लिए इकट्ठे हुए थे, लेकिन बाद में विवाद बढ़ता चला गया और दोनों पक्षों ने एक दूसरे के वाहनों में तोड़फोड़ शुरू कर दी। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के वाहनों में जेसीबी से तोड़फोड़ की
एक डंपर को भी आग लगा दी। जिस पर काबू पा लिया गया है। कोई जनहानि नहीं हुई है। दोनों गुटों के वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। एक गुट बुधराम जाट, भीखाराम बिश्नोई और दूसरे गुट के लोग गोवरर्ध, रमेश, फरसाराम सहित अन्य लोग शामिल हैं। आरोपियों की पहचान की जा रही है। विवाद में सात वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें तीन स्कॉर्पियो, डंपर, पिकअप, जेसीबी आदि शामिल हैं। तोड़फोड़ के बाद जेसीबी को भी पलट दी गई।





सूचना मिलते ही राजीव गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस ने दमकल की मदद से डंपर में लगी आग पर काबू पाया। पुलिस ने विवाद की असली वजह जानने के लिए खनिज विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुलाया। इसके बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने भिजवाया। मौके पर अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों को पकड़ा है।





