राजस्थान में नेताओं-बिजनेसमैन से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से फिरौती मांगने के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। गैंगस्टर राजू ठेहट मर्डर के शूटर्स रोहित गोदारा को इनके मोाबइल नंबर पहुंचाते हैं।
नंबर के लिए बदमाश लोकल गुर्गों को ऐसे लोगों की रेकी करने का टास्क देते हैं। अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल से ये सारा खेल खेला जा रहा है।
सीकर की नीमकाथाना पुलिस अब अजमेर जेल में बंद दोनों शूटर को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लाएगी। वहीं दो गुर्गों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

नेता और खनन कारोबारी से करोड़ों की मांगी थी फिरौती
सीकर की नीमकाथाना कोतवाली पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग से जुड़े दो बदमाश रघुराज सिंह उर्फ पम्मी (27) निवासी नीमकाथाना और प्रविंद्र सिंह उर्फ सन्नी (20) निवासी बंधा की ढाणी और मनोज साईं को 25 जनवरी को गिरफ्तार किया था।
इन दोनों बदमाशों ने अपने तीसरे साथी राहुल रिनाउ के साथ मिलकर राजनेता को कॉल करके कहा कि ‘मैं रोहित गोदारा गैंग से बोल रहा हूं। 5 करोड़ रुपए दे दो नहीं तो आपको और आपके परिवार को जान से मार दूंगा।’ मामले में 25 जनवरी को रघुराज और प्रविंद्र को गिरफ्तार किया था। इनके पास से मोबाइल और गाड़ी भी बरामद की थी। एक बदमाश की गिरफ्तारी बाकी है।
नीमकाथाना के खनन कारोबारी से 2 करोड़ की फिरौती मांगने के मामले में 4 फरवरी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया था। दोनों 9 फरवरी तक रिमांड पर है।

ठेहट मर्डर केस के शूटर्स के संपर्क में थे
पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। सामने आया कि दोनों बदमाश राजू ठेहट मर्डर मामले में अजमेर हाई सिक्योरिटी जेल में बंद कुलदीप और मनीष बच्चिया के संपर्क में थे। सैटेलाइट एप के जरिए बातचीत करते थे।
मनीष और कुलदीप ने इन दोनों से नीमकाथाना इलाके के करोड़पति लोगों की जानकारी मांगी थी। इसके बाद रघुराज और उसके साथियों ने मनीष और कुलदीप तक यह जानकारी पहुंचाई कि कौन कारोबारी कितनी फिरौती दे सकता है। उनके कहने पर नेताओं और बिजनेसमैन के मोबाइल नंबर लेकर उन्हें देते थे। इसके बाद ये नंबर आगे गैंगस्टर रोहित गोदारा तक पहुंचाए जाते थे।
गोदारा गैंग की चेन को पकड़ेगी पुलिस
पुलिस को अंदेशा है कि इन आरोपियों तक फिरौती की राशि भी पहुंचा दी थी। पुलिस उस फिरौती के पैसे को भी बरामद कर सकती है। ऐसे में पुलिस को फिरौती की राशि गैंगस्टर्स तक पहुंचने की चेन के बारे में पता लग सकता है। संभवतया यह पहला मामला होगा जब पुलिस गैंगस्टर्स की ओर से धमकियां देने के मामले में पूरे गिरोह के वर्क प्रोसेस का पता लगाएगी।
सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया- मामले की जांच कर रहे हैं। पूरे गिरोह पर कार्रवाई की जाएगी।





