Home » राजस्थान » कुरान की रोशनी और शिक्षा की ताकत से तरक्की का संदेश: 16वें एज्यूकेशन अवार्ड में 142 प्रतिभाओं का सम्मान

कुरान की रोशनी और शिक्षा की ताकत से तरक्की का संदेश: 16वें एज्यूकेशन अवार्ड में 142 प्रतिभाओं का सम्मान

मुस्लिम एज्यूकेशनल एण्ड वेलफेयर सोसायटी का 16वां सालाना प्रतिभा सम्मान समारोह रविवार को सीकर रोड स्थित हाईटेक स्कूल में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत तिलावत-ए-कुरान से हुई, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक और प्रेरणादायक बना दिया। समारोह में शिक्षा, सामाजिक समरसता और नैतिक मूल्यों के संदेश के साथ कुल 142 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व आईएएस अधिकारी जाकिर हुसैन खान उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व जिला एवं सेशन न्यायाधीश अयूब खान ने की। विशिष्ट अतिथियों में राजकीय कन्या महाविद्यालय कुचामन सिटी के प्राचार्य डॉ. जहांगीर रहमान कुरैशी, कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा, क्षेत्रीय उपनिदेशक इग्नू जोधपुर डॉ. मुख्तार अली, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नागौर गोपाल जीनगर और समग्र शिक्षा नागौर के कार्यक्रम अधिकारी इमरान खान मंचस्थ रहे। संस्था के सदर मोहम्मद शकील ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से अवगत कराया।

142 प्रतिभाओं को मिला सम्मान, टॉपर्स को सिल्वर मेडल

इस वर्ष कुल 142 प्रतिभाओं को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। कक्षा 10 और 12 के 74 टॉपर्स, शिक्षक प्रशिक्षण, स्नातकोत्तर, टेक्निकल कोर्स, खेलकूद, चिकित्सा क्षेत्र, कुरान हाफिज, इमामत व किरत कोर्स पूर्ण करने वाले आलिमों सहित विभिन्न राजकीय सेवाओं में चयनित प्रतिभाओं को मंच पर सम्मानित किया गया।
प्रत्येक वर्ग के टॉपर्स को सिल्वर मेडल से नवाजा गया।

कक्षा 10 में नजमीन, कक्षा 12 कला वर्ग में इकरा बानो, साइंस में नौशीन खान, कॉमर्स में मोहम्मद नायाब, बीएससी में जुलेखा, एमए में इकरा फातिमा, एमएससी में नाजनीन, बीटेक में अलमाजिम अख्तर, मेडिकल व अन्य प्रोफेशनल कोर्स में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया गया।
संस्था को आर्थिक सहयोग देने वाले भामाशाहों का भी इस मौके पर अभिनंदन किया गया।

इमरान खान: शिक्षा योजनाओं का लाभ उठाएं विद्यार्थी

समग्र शिक्षा नागौर के कार्यक्रम अधिकारी इमरान खान ने अपने संबोधन में राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर अपनी पढ़ाई को मजबूत बनाना चाहिए, ताकि आर्थिक या संसाधनों की कमी उनके सपनों में बाधा न बने।

गोपाल जीनगर: सरकार की अल्पसंख्यक योजनाओं से जुड़े समाज

जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी गोपाल जीनगर ने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय के लिए केंद्र और राज्य सरकार की कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे इन योजनाओं की जानकारी लेकर अपने बच्चों को आगे बढ़ाएं और सरकारी सहायता का लाभ उठाएं।

डॉ. मुख्तयार अली: मोबाइल और नशे से दूरी बनाएं

इग्नू के क्षेत्रीय उपनिदेशक डॉ. मुख्तार अली ने विद्यार्थियों को नसीहत देते हुए कहा कि मोबाइल और नशे जैसी बुराइयों से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा कि आज नशा हर वर्ग और समुदाय के लोगों में फैल रहा है और राजस्थान उड़ता राजस्थान बनता जा रहा है, इसे हम सबको मिलकर बचाना होगा । उन्होंने कहा कि अपनी ऊर्जा और समय को शिक्षा में लगाएं, अपने माता-पिता का सम्मान करें और जीवन में अनुशासन को अपनाएं।

ओमप्रकाश काबरा: सामाजिक समरसता की मिसाल है कुचामन

कुचामन विकास समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश काबरा ने सोसायटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्था शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से समाज को नई दिशा दे रही है। उन्होंने कुचामन के सामाजिक समरसता भरे वातावरण की प्रशंसा की।

अयूब खान: रुचि के अनुसार चुनें करियर

अध्यक्षीय उद्बोधन में पूर्व न्यायाधीश अयूब खान ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार करियर चुनना चाहिए और उसे ईमानदारी से निभाना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर करियर को लेकर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनकी प्रतिभा को पहचानें।

डॉ. जहांगीर रहमान कुरैशी: बालिकाओं की उच्च शिक्षा पर जोर

प्राचार्य डॉ. जहांगीर रहमान कुरैशी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा अनिवार्य है। उन्होंने विशेष रूप से अल्पसंख्यक समुदाय में बालिकाओं की उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया और विद्यार्थियों से मेहनत, लगन और ईमानदारी के साथ लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान किया।

जाकिर हुसैन खान: कमजोर विद्यार्थियों को भी मिले मार्गदर्शन

मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस जाकिर हुसैन खान ने कहा कि समाज को केवल प्रतिभावान विद्यार्थियों का सम्मान ही नहीं, बल्कि शिक्षा में कमजोर विद्यार्थियों को भी मार्गदर्शन देना चाहिए। उन्होंने निरंतर करियर गाइडेंस सेमिनार आयोजित करने की जरूरत बताई और लक्ष्य आधारित कार्यक्रमों के जरिए समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया।

हाजी फजलूरहमान कुरैशी: ईमानदारी और सच्चाई का मार्ग अपनाएं

हाजी फजलूरहमान कुरैशी ने कहा कि कुरान की रोशनी में जीवन जीते हुए सच्चाई और ईमानदारी को अपनाना चाहिए। चाहे समाज सेवा हो या राजनीति, हर क्षेत्र में कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा से करना चाहिए।

सोहैल सिद्दीकी: छात्राएं रहें सतर्क

डीडवाना निवासी फिल्म एवं धारावाहिक कलाकार सोहैल सिद्दीकी ने छात्राओं को जागरूक रहने का संदेश देते हुए कहा कि आज के समय में उन्हें अपने आसपास के माहौल के प्रति सतर्क रहना चाहिए और सुरक्षित रहते हुए अपनी तालीम पूरी करनी चाहिए।

कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सचिव अकीक अहमद उस्मानी ने सभी अतिथियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन अखलाक अहमद उस्मानी, अजमत मौलानी, इमरान खान और सरवर तंवर ने किया।

शहरवासियों की गरिमामयी उपस्थिति ने बढ़ाई समारोह की शान

16वें एज्यूकेशन अवार्ड समारोह में शहर के गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के इस आयोजन में बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, समाजसेवियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सम्मानित व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराकर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में आरिफ खान (पूर्व प्रिंसिपल), सरदार अहमद, डॉ. देवड़ा इशाक देवड़ा, इसरार अहमद सिद्दीकी, कामरेड अब्बास खान, अनवर उमर भाटी, इकराम भाटी, मुस्ताक अहमद जोया, बुंदु अली भाटी, शब्बीर आरबी, जाकिर हुसैन पहलवान, जाकिर हुसैन (नर्सिंग अधीक्षक), इस्माइल शाह, इकबाल व्यापारी, इकबाल भाटी, सद्दाम रंगरेज, अयूब शेख, बासित अली, अब्दुल रहमान तंवर, मुनीर अहमद झाड़ोदिया, भवरु खान झाड़ोद, याकूब भाटी, गफूर शाह, लुकमान अली पांचवा, इमरान कारीगर, अनिल कुमार माथुर, सम्पत लाल स्वामी, सुभाष पहाड़िया, अशोक अजमेरा, बनवारी लाल मोर, एडवोकेट अय्यूब अली, लतीफ अहमद भाटी, उमर भाटी, अब्दुल रहीम कुरैशी, सुरेश कुरड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

इन सभी की उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि शिक्षा और प्रतिभा सम्मान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे समाज का साझा उत्सव है।

Kashish Bohra
Author: Kashish Bohra

0
0

RELATED LATEST NEWS

Poola Jada

Top Headlines

पहले पति ने सुसाइड किया था,अब पत्नी ने दी जान:जहर खाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर हॉस्पिटल लाए थे परिजन, पिता रक्षा मंत्रालय में कार्यरत

अलवर के सदर थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव में 40 साल की महिला ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। वह