जयपुर में नकाबपोश बदमाशों ने शॉप के अंदर घुसकर दुकानदार से लूट की कोशिश की। बदमाशों ने दुकानदार की आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया। बदमाशों ने दुकानदार पर चाकू से हमला कर बंधक बनाने का प्रयास भी किया।
दुकानदार के शोर मचाने पर स्कूटी छोड़कर भागे दोनों बदमाशों को लोगों ने पकड़ लिया।फिर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना करधनी थाना इलाके की शुक्रवार (6 फरवरी) रात करीब 9:45 बजे की है। घटना का सीसीटीवी वीडियो रविवार को सामने आया है।
देखिए, घटना से जुड़ी PHOTOS…







सामान खरीदकर पेमेंट कर दिया
करधनी थाना के ASI धर्मेंद्र सिंह ने बताया- गोविंदपुरा के कृष्णा विहार-F निवासी योगेंद्र प्रसाद शर्मा (49) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उनकी करधनी के कविराज मार्केट में फैंसी आइटम की शॉप तनिष्का स्टोर है। शुक्रवार रात करीब 9:45 बजे वह शॉप बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान खरीदारी के बहाने दो युवक आए। दोनों ने मुंह पर मास्क लगा रखा था।
नकाबपोश दोनों बदमाशों के अलग-अलग डिमांड करने पर दुकानदार योगेंद्र प्रसाद ने उन्हें सामान निकाल कर दिया। खरीदे गए सामान का बिल बताने पर दोनों लड़कों ने पेमेंट भी दे दिया। इसके बाद दोबारा सामान मांगा। सामान निकालने के दौरान दोनों बदमाशों ने दुकानदार पर हमला कर दिया।
चाकू से वार कर बंधक बनाने की कोशिश
काउंटर के पास खड़े युवक ने दुकानदार के बाल पकड़ लिए। बाल पकड़ने के बाद मुंह पर मिर्च पाउडर फेंका। इतने में दूसरे बदमाश ने भी दुकानदार के बाल पकड़ लिए। दोनों बदमाश मारपीट कर काउंटर पार कर दुकानदार की तरफ आ गए। दुकानदार योगेंद्र को काबू कर बंधक बनाने के लिए बदमाशों ने जेब से चाकू निकालकर हमला किया। चाकू के वार से योगेंद्र की जैकेट कट गई।
भागते बदमाशों को पीछा कर पकड़ा
शॉप के अंदर दोनों बदमाशों से जूझने के दौरान दुकानदार ने शोर मचाया। चिल्लाने पर बदमाशों ने दुकानदार का मुंह बंद करने की कोशिश भी की। सफल नहीं होने पर पकड़े जाने के डर से दोनों बदमाश वहां से भागे।
शॉप से बाहर आकर दुकानदार ने शोर मचाया। शॉप के बाहर खड़ी स्कूटी को छोड़कर बदमाश भाग निकले। बदमाशों का पता चलने पर लोगों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी में दोनों हमलावरों के पास दो चाकू और मिर्च पाउडर निकला। करधनी थाना पुलिस को मौके पर बुलाकर दोनों बदमाशों को सौंप दिया।






