सीकर में 2 बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। उसका जयपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। घटना सीकर के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में 6 फरवरी की शाम साढ़े सात बजे हुई थी।
यहां एक बाइक पर बसंत विहार (सीकर) निवासी आदित्य नायक (20) अपनी परिचित युवती के साथ इंडस्ट्रियल एरिया की तरफ जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। इसमें आदित्य उछलकर सड़क पर दूर जाकर गिरा। युवती और अन्य बाइक पर सवार दो लोग भी सड़क पर गिर गए। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। युवती को मामूली चोटें आई हैं।
आदित्य को पहले सीकर के एसके हॉस्पिटल लाया गया। यहां से जयपुर रेफर किया गया। परिवार वाले उसे लेकर जयपुर के निम्स हॉस्पिटल पहुंचे। 7 फरवरी की दोपहर करीब 2 बजे आदित्य नायक की इलाज के दौरान मौत हो गई। 8 फरवरी को उसके शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया।
PHOTOS में देखें हादसा….



घर में इकलौता कमाने वाला था युवक आदित्य नायक के पिता की भी 2 साल पहले साइलेंट अटैक से मौत हो चुकी है। आदित्य नायक का एक छोटा भाई और एक बहन है। दोनों अभी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। आदित्य घर में इकलौता कमाने वाला था।

घटना का सीसीटीवी सामने आया इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि सामने से आ रही बाइक पर 2 लड़के सवार थे। उनकी बाइक से आदित्य की बाइक टकरा जाती है। दोनों बाइक पर सवार चार लोग सड़क पर गिर जाते हैं।

परिजनों को शव सौंपा उद्योग नगर थाने के ASI संत कुमार ने कहा- दो बाइक की टक्कर में आदित्य नायक गंभीर रूप से घायल हुआ था। 7 फरवरी को इलाज के दौरान आदित्य की मौत हो गई। आज आदित्य का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके जांच की जा रही है।





