अलवर के सदर थाना क्षेत्र के केसरपुर गांव में 40 साल की महिला ने जहर खाकर सुसाइड कर लिया। वह शादी के एक साल बाद से ही पीहर में रह रही थी। उसके पति ने भी एक साल पहले सुसाइड कर लिया था। मृतक महिला के पिता रक्षा मंत्रालय में कार्यरत हैं।
मृतक महिला के भाई नरेंद्र मीणा ने बताया कि आशा मीणा की शादी करीब 20 साल पहले अलवर शहर के मीणा पाड़ी निवासी घनश्याम मीणा के साथ हुई थी। पति शराब पीता था और आए दिन उसके साथ मारपीट करता था। इसलिए आशा शादी के एक साल बाद से ही अपने पीहर में ही रह रही थी।

पति ने एक साल पहले किया था सुसाइड
करीब एक साल पहले आशा के पति घनश्याम मीणा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। जिसके बाद आशा मानसिक अवसाद में चली गई। उसका इलाज चल रहा था। सोमवार को वह डॉक्टर को दिखाने अलवर अस्पताल आई थी।
हॉस्पिटल में दिखाने के बाद उसने कहीं से जहर खरीद लिया और उसे खा लिया। जहर खाने के बाद वह घर पहुंची, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उसे हॉस्पिटल ले गए। आशा ने सोमवार रात जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
पिता रक्षा मंत्रालय में कार्यरत
नरेंद्र मीणा ने बताया कि पिता धनपाल मीणा दिल्ली में रक्षा मंत्रालय में सेक्शन ऑफिसर पद पर कार्यरत हैं। हम तीन भाई हैं। सभी खेतीबाड़ी का काम करते हैं। पति की मौत के बाद आशा अवसाद में चल रही थी। उसके सुसाइड को लेकर किसी प्रकार की थाने में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।





