मेदिनीनगर (झारखंड) । चौधराना बाज़ार के लगभग 400 दुकानदारों से प्रतिमाह करीब रु० 6 लाख का टैक्स वसूला गया। जबकि विभागीय आदेश के अनुसार शुल्क रु० 4 होना चाहिए था, लेकिन 6 रुपए की दर से वसूली जारी रही। यह बातें पत्रकार सम्मेलन में झारखंड के पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने रविवार को होटल रमादा में कही। के एन त्रिपाठी ने कहा कि इसका सीधा अर्थ है कि प्रतिमाह अतिरिक्त राशि व्यापारियों से ली गई। यदि यह स्थिति लगभग 40 महीनों तक रही, तो कितनी राशि व्यवसायियों से अतिरिक्त रूप से वसूल की गई यह बखूबी समझा जा सकता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह केवल आँकड़ा नहीं, बल्कि मेहनतकश व्यापारियों की गाढ़ी कमाई का एक गंभीर मामला है। उन्होंने कहा कि इस अतिरिक्त वसूली की निष्पक्ष जाँच कराई जाएगी और जो राशि अधिक ली गई है, उसे या तो आगामी किराये या शुल्क में समायोजित किया जाएगा अथवा विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत वापस कराया जाएगा। के एन त्रिपाठी ने कहा कि सच को न तो रोका जा सकता है और न ही दबाया जा सकता है। कहा कि जब वे ग्रामीण विकास, पंचायती राज, श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण विभाग के मंत्री थे तब उन्होंने दिनांक 20.11.2022 को पत्रांक 169 के माध्यम से विभाग को स्पष्ट करते हुए पत्र लिखा था, जिसमें चौधरना बाजार का शुल्क 6 से घटा कर 4 रुपए करने का अनुरोध किया गया था। उक्त पत्र के आलोक में विभाग ने पत्रांक 4053/22- 11- 2022 के माध्यम से जारी कर स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि शुल्क 4 रुपए किया जाए। यानि 22 नवंबर 2022 से स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट थी। बावजूद मेदिनीनगर नगर निगम ने दिनांक 27 मार्च 2023 को पुनः विभाग को दिशानिर्देश के लिए पत्र लिखा। पूर्व मंत्री ने कहा कि उपरोक्त पत्रों के अवलोकन करने के बाद बड़ा सवाल उठता है कि जब 22.11.2022 को आदेश मिल चुका था तो 27.03.2023 को फिर से दिशा निर्देश क्यों मांगा गया। कहा कि सवाल यह भी है कि उन्होंने पहल की, पत्र लिखवाया और विभाग ने आदेश भी दिया लेकिन नगर निगम प्रशासन ने उक्त आदेश को लागू करने में देरी क्यों की इसका जवाब पूर्व मेयर को देना ही होगा। यहां की जनता यह जानना चाहती है। पूर्व मंत्री ने कहा कि वे कल भी सत्य और पारदर्शिता के साथ कारोबारियों के साथ थे सदैव खड़े रहेंगे।
पूर्व मंत्री श्री त्रिपाठी ने कहा कि बाजार क्षेत्र से 4 रुपया चौधराना लेना उनके प्रयास का परिणाम है। मौके पर कैसर जावेद, अशोक सिंह, शत्रुघ्न कुमार शत्रु, परमदेव कुशवाहा, जिशान खान, मुन्ना खान, मुकेश सिंह आदि उपस्थित थे।





